रायपुर (वीएनएस)। छत्तीसगढ़ सिक्ख ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसियेशन और जेसीआई रायपुर मेडिकों सिटी के संयुक्त तत्वाधान में रविवार, 17 अप्रैल की सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक एक निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया है। यह शिविर धमतरी मार्ग में कमल विहार स्वागत द्वार के सामने स्थित गुरु अमरदास गुरुव्दारा देवपुरी में होगा। इसमें सेवाभावी विशेषज्ञ डॉक्टर मरीजों की बीमारियों की जांच कर परामर्श के साथ निःशुल्क दवाईयां देंगे।
एसोसियेशन के संयोजक जी.एस. बाम्बरा, जेसीआई मेडिको सिटी के अपर्ण चतुरमोहता और एसोसियेशन के स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष डॉ. कुलदीप सिंह छाबड़ा ने बताया कि निःशुल्क चिकित्सा शिविर में आने वाले सभी डॉक्टर सेवा भाव से आ कर मरीजों की जांच कर उन्हें परामर्श देगें। शिविर में डेन्टल मोबाईल डिस्पेन्सरी वैन और डॉ. सक्सेना हॉस्पिटल से आंखों की जांच करने वाली मोबाईल वैन मरीजों की जांच करने के लिए उपलब्ध होगी। चिकित्सा शिविर में मेडिसिन के विशेषज्ञ डाक्टरों के साथ ही ह्रदृय रोग, हड्डी रोग, स्त्री रोग, शिशु रोग, ईएनटी, आंखों व दांतों के डाक्टर्स भी उपलब्ध रहेंगे।
एसोसिएशन के वरिष्ठ सदस्य आर.एस. आजमानी ने बताया कि छत्तीसगढ़ सिख ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन का उद्देश्य "सरबत का भला" है। इसी उद्देश्य के अनुसार एसोसियेशन व्दारा 29 नवंबर2018 से महावीर नगर गुरुव्दारा परिसर में गुरु अंगददेव साहिब मेडिकल शॉप के माध्यम से सस्ती दवाईयों का विक्रय किया जा रहा है। जिससे जनता को आर्थिक रुप से काफी लाभ हो रहा है।