बीजापुर (वीएनएस)। जिला मुख्यालय में 1965 से संचालित शासकीय उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय को आत्मानन्द हिंदी माध्यम स्कूल में बदले जाने के विरोध में छात्रों व भूतपूर्व छात्रों ने बीजापुर विधायक विक्रम मण्डावी से मिल कर हायर सेकेंडरी स्कूल को यथावत रखे जाने मांग की है। विधायक को सौंपे ज्ञापन में छात्रों ने कहा है कि बीजापुर मुख्यालय में संचालित शासकीय बालक उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय को स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम स्कूल में बदलने व सोसायटी के माध्यम से संचालन के आदेश के साथ उसके संचालन समिति द्वारा प्रतिनियुक्ति के लिए विज्ञप्ति भी जारी की गई है। छात्रों ने अपने ज्ञापन में लिखा है कि शाउमावि बीजापुर में बीजापुर के गरीब तबके के छात्र अध्ययन करते हैं इस विद्यालय को पूर्ववत संचालित कर विषयवार शिक्षकों की नियुक्ति की जाये।
इस दौरान विधायक विक्रम मण्डावी ने कहा कि सरकार की शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ाने की अच्छी नीति है पर उसके क्रियान्वयन को लेकर जन भावनाओं को भी देखना होगा। सोमवार को चर्चा कर इसके समाधान के लिए हर संभव प्रयास किये जायेंगे।
इस अवसर पर शाउमावि के पूर्व छात्र रहे जिला पंचायत अध्यक्ष शंकर कुडियम, सोमारू कश्यप, गुज्जा पंवार, कमलेश पैंकरा, श्याम करकु, राजेश जैन सहित स्कूल के अध्ययनरत छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।