नई दिल्ली (वीएनएस)। हनुमान जयंती के मौके पर शनिवार को दिल्ली के जहांगीरपुरी में निकाली जा रही शोभा यात्रा पर कुछ शरारती तत्वों ने पथराव कर दिया। इसके बाद हालात बिगड़ गए। दोनों समुदाय के लोग आमने सामने आकर पथराव करने लगे। छतों पर से शोभा यात्रा निकाल रहे लोगों पर पथराव किया गया। उपद्रवियों ने सड़क पर खड़े वाहनों के अलावा पुलिस के कुछ वाहनों में तोड़फोड़ और आगजनी कर दी। सूचना मिलते ही आसपास के जिलों से पुलिस बल मौके पर बुलाया गया। हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ा गया।
उत्तर पश्चिमी जिले का जहांगीरपुरी इलाका बेहद सघन और मिश्रित आबादी वाला है। यहां हिंदू-मुस्लिम समुदाय के लोग रहते हैं, जो निम्न व निम्न मध्य वर्ग से आते हैं। बीच-बीच में झुग्गी बस्तियां भी हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि हनुमान जन्मोत्सव पर निकाली शोभा यात्रा के दौरान सी-ब्लॉक में जहां बलवा हुआ, वहां बड़ी संख्या में बांग्लादेशी रहते हैं।
प्रत्यक्षदर्शी बताते हैं कि शाम करीब छह बजे शोभा यात्रा सी-ब्लॉक के कुशल सिनेमा से मंगल बाजार को जोड़ने वाली सड़क से गुजर रही थी। इस बीच पथराव होने लगा। इसके बाद हालात बिगड़ गए। दोनों तरफ से नारेबाजी होने लगी और हथियार भी लहराए गए। मौके पर मौजूद नीरज कुमार ने बताया कि शाम करीब छह बजे शोभा यात्रा निकाली गई थी। सब-कुछ शांतिपूर्वक चल रहा था। कुशल सिनेमा से गुजरते वक्त अचानक पत्थरबाजी होने लगी। इससे हिंसा भड़क गई। इलाके में मछली का कारोबार करने वाले सोहन कुमार ने बताया कि शोभा यात्रा शांति पूर्वक निकल रही थी। पत्थरबाजी होने से हिंसा भड़की है। एक महिला ने बताया कि हम लोग बाजार गए थे। वापस घर लौटे दस मिनट भी नहीं हुए थे कि दरवाजे के सामने पत्थर गिरने लगे। कुछ समझ में आता, उससे पहले नारेबाजी शुरू हो गई। हम सब सहम गए थे। पुलिस के पहुंचने पर थोड़ी राहत मिली।
दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ सूत्रों का कहना है कि उपद्रव होने की आशंका पहले से ही थी। बताया जा रहा है कि पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। ऐसे में इसे दिल्ली पुलिस की खुफिया विभाग यानि स्पेशल ब्रांच की असफलता बताई जा रही है। के-ब्लॉक के रहने वाले राजबीर ने बताया कि शोभा यात्रा निकालते और उसकी तैयारी करते वक्त दंगा होने की आशंका पहले से थी तो पुलिस को इस बारे में क्यों नही पता चला था।