मुख्यमंत्री ने लोकवाणी में चिरमिरी के राहुल से पूंजीगत व्यय के सवाल पर की बात

Posted On:- 2022-04-17



कोरिया (वीएनएस)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मासिक रेडियो वार्ता ’लोकवाणी’ की 28वीं कड़ी में ’नवा बजट, नवा छत्तीसगढ’  विषय पर आज सुबह 10 :30 बजे से आकाशवाणी सहित विभिन्न क्षेत्रीय समाचार चौनलों के माध्यम श्रोताओं को बजट वर्ष 2022-23 में किए गए नए प्रावधानों की जानकारी मिली।

लोकवाणी के 28वीं कड़ी के प्रसारण में मुख्यमंत्री  बघेल से चिरमिरी के राहुल भाई पटेल ने पूंजीगत व्यय से सम्बंधित सवाल किए। जिसपर मुख्यमंत्री  बघेल ने बताया कि वर्ष 2021-22 का पूंजीगत व्यय 14 हजार 191 करोड़ तथा वर्ष 2022-23 के बजट में 15 हजार 241 करोड़ रखा गया है। इस प्रकार पूंजीगत व्यय में लगातार वृद्धि हो रही है। उन्होंने कहा कि कोरोना संकट जैसी स्थिति में सरकार की प्राथमिकता दवा, उपचार की सुविधा बढ़ाना, अस्पतालों का विस्तार करना, रोजी-राहत का इंतजाम करना था, ऐसे समय की सबसे बड़ी प्राथमिकता राहत कार्यों की होती है जहां पूंजीगत व्यय के साथ संतुलन बनाए रखा गया। उन्होंने कहा कि सरकार जनहित और राज्य के विकास के लिए चट्टान की तरह मजबूती से काम कर रही है।

लोकवाणी कार्यक्रम में उन्होंने प्रदेशवासियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ का बजट 1 लाख करोड़ के ऊपर पहुंचना, प्रत्येक छत्तीसगढ़वासी के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि अपने संसाधनों के सम्मान, वेल्यू-एडीशन, मेहनतकश जनता की लगन और मेहनत को सही मान और राज्य के उत्पादन को सही दाम दिलाते हुए आगे बढ़ेंगे।मुख्यमंत्री  बघेल ने कहा कि मर्यादापुरुषोत्तम  राम जिस रास्ते से गुजरे है उसकी पहचान पर्यटन परिपथ के रूप में हो, यहां दूसरे राज्य के लोगों सहित दुनियाभर के लोग आएं, जिससे हमारी संस्कृति को पहचान मिलने के साथ आजीविका के नए अवसर मिलें।

उन्होंने कहा कि इसके लिए राज्य में कोरिया जिले से लेकर सुकमा तक 2 हजार 660 किलोमीटर के परिपथ का चिन्हांकन किया गया है। उन्होंने वार्ता में श्रोताओं से प्रतियोगी परीक्षाओं में भी परीक्षा शुल्क माफी, जनप्रतिनिधियों के मानदेय वृद्धि सहित अन्य योजनाओं के बारे में लोगों को बताते हुए कहा कि नया बजट, नए छत्तीसगढ़ के विकास की दिशा तय करने वाला है। प्रदेश की खुशहाली में जनभागीदारी की सर्वाधिक भूमिका रहे। प्रदेश की समृद्धि में प्रत्येक छत्तीसगढ़वासी की भागीदारी रहे।