दुर्ग (वीएनएस)। वरिष्ठ विधायक अरुण वोरा की पहल पर पीडब्लूडी विभाग द्वारा कराए जा रहे नेहरू नगर चौक से मिनीमाता चौक तक मुख्यमार्ग उन्नयन एवं चौड़ीकरण के कारण रविवार को फिर शहर के कई वार्डों की जनता को पानी नहीं मिला। सुबह से लोग नल न खुलने से हलाकान रहे। निर्माण कार्य जैसे जैसे गति पकड़ रहा है समस्याएं भी अधिक हो रही हैं। सड़क की खुदाई किए जाने के कारण कई जगहों पर बड़ी पेयजल पाइप लाइन फूट गईं। भीषण गर्मी के मौसम में जनता को पेयजल की कमी का सामना करना पड़ा। मालवीय चौक पर एक माह पहले शिफ्ट की गई पाइपलाइन व गंजपारा चौक पर पाइपलाइन के साथ ही अस्पताल के सामने भी पाइपलाइन निर्माण कार्य के दौरान डैमेज हो गई।
रविवार की सुबह से दीपक नगर, मालवीय नगर के बड़े हिस्से में नल नहीं खुले। पांच बिल्डिंग और उडिया बस्ती में भी पानी सप्लाई ठप रही। इन वार्डों के आसपास के इलाकों में भी पानी के लिए लोग सुबह से मशक्कत करते रहे। नगर निगम में संपर्क साधा लेकिन, कोई जवाब नहीं मिला। विधायक अरुण वोरा के पास सुबह से फोन पर शिकायतों का दौर शुरू हो गया। वोरा सुबह 8 बजे निकल पड़े। निगम के जलकार्य निरीक्षक नारायण ठाकुर के साथ मालवीय चौक पर समस्या देखने के बाद अस्पताल के सामने फूटी पाइपलाइन को देखा। फिर गंजपारा में फोड़ी गई पाइपलाइन का जायजा लिया। जहां महापौर धीरज बाकलीवाल भी पहुंचे। वोरा ने कहा कि सबसे पहले पानी सप्लाई की व्यवस्था तत्काल बहाल की जाए। पीडब्लूडी और नगर निगम के अफसरों की लापरवाही से शहर की जनता परेशान हो रही है। इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वोरा ने सख्त लहजे में कहा है कि शहर में वाटर प्रोजेक्ट पर अरबों रुपए खर्च करने के शहरवासियों को पानी के लिए तरसना पड़ रहा है। अब भी व्यवस्था नहीं सुधरी तो सख्त एक्शन लिया जाएगा। इस प्रशासनिक लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। महापौर धीरज बाकलीवाल ने जलकार्य विभाग के अफसरों को तत्काल मेंटेनेंस करने के निर्देश दिये हैं। महापौर ने कड़े शब्दों में कहा है कि पीडब्लूडी की लापरवाही से जनता पानी के लिए तरस रही है। अब कड़ा एक्शन लिया जाएगा।