3 संक्रमित यात्री मिलने के बाद 24 तक एयर इंडिया की उड़ानों पर प्रतिबंध...

Posted On:- 2022-04-18



हांगकांग/नई दिल्ली (वीएनएस)। हांगकांग ने एयर इंडिया की सेवाओं पर 24 अप्रैल तक प्रतिबंध लगा दिया है क्योंकि उसकी एक उड़ान के तीन यात्रियों में शनिवार को कोरोना संक्रमण पाया गया है। रविवार को एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने कहा कि भारत से यात्री हांगकांग में तभी आ सकते हैं, जब उनके पास यात्रा से 48 घंटे पहले किए गए कोरोना टेस्ट की नेगेटिव रिपोर्ट हो। इसके अलावा, सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को हांगकांग में हवाई अड्डे के परिसर में पहुंचने के बाद कोरोना टेस्ट करना आवश्यक है।

अधिकारी ने कहा, "16 अप्रैल को एयर इंडिया की एआई-316 दिल्ली-कोलकाता-हांगकांग उड़ान के तीन यात्रियों का COVID​​​-19 टेस्ट पॉजिटिव आया।" अधिकारी ने कहा कि हांगकांग सरकार ने नई दिल्ली और कोलकाता से एयर इंडिया की उड़ानों पर 24 अप्रैल तक प्रतिबंध लगा दिया है। फिलहाल, एयर इंडिया ने इस मामले पर कोई जवाब नहीं दिया है। बता दें कि COVID-19 महामारी से प्रेरित स्थिति के बीच दो साल के अंतराल के बाद 27 मार्च को भारत में नियमित अंतरराष्ट्रीय उड़ानें फिर से शुरू हुईं।

वहीं, एयरलाइन ने कहा कि एयर इंडिया ने हांगकांग के अधिकारियों द्वारा लगाए गए COVID-19 प्रतिबंधों और क्षेत्र में सीमित मांग के कारण हांगकांग के लिए उड़ान सेवाएं रद्द कर दी हैं। एयर इंडिया ने रविवार को ट्वीट किया, "हांगकांग के अधिकारियों द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों और सेक्टर पर सीमित मांग के कारण, हांगकांग और वापसी की उड़ानें 19 तथा 23 अप्रैल को रद्द कर दी गई हैं।"

जनवरी ने हांगकांग ने आठ देशों की प्लाइट्स पर लगाया था बैन गौरतलब है कि इससे पहले इस साल जनवरी में हांगकांग ने भारत सहित आठ देशों से आने वाली उड़ानों पर दो सप्ताह के प्रतिबंध की घोषणा की थी क्योंकि दुनिया में COVID-19 के ओमिक्रॉन वेरिएंट के मामलों में वृद्धि देखी गई थी।