धमतरी (वीएनएस)। शिक्षा गुणवत्ता में सुधार लाने निपुण धमतरी के तहत जिले में 177 स्कूलों को ’सी’ ग्रेड में चिन्हांकित किया गया है। इनमें नगरी विकासखण्ड के 67, धमतरी के 50, कुरूद के 31 और मगरलोड के 29 स्कूल शामिल हैं। कलेक्टर एवं मिशन संचालक, समग्र शिक्षा पी.एस. एल्मा ने संबंधित स्कूलों के निरीक्षण के लिए जिले के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है।
अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी कि वे संबंधित स्कूलों में लगातार सम्पर्क बनाए रखते हुए उक्त स्कूल के स्तर को सुधारेंगे। स्कूल निरीक्षण के बाद प्रपत्र को भरकर वे संबंधित स्कूल में जमा करेंगे। साथ ही प्रपत्र की एक प्रति संबंधित स्कूल के प्रधानपाठक अपने पास रख, दूसरी प्रति संकुल समन्वयक के जरिए विकासखण्ड स्त्रोत समन्वयक के कार्यालय में जमा करेंगे। कलेक्टर ने उक्त कार्य को समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। बताया गया है कि स्कूल निरीक्षण में सहयोग के लिए संकुल समन्वयक की नियुक्ति की गई है।