सूरजपुर (वीएनएस)। गौठान में बाड़ी विकास के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिल रही है। गौठनों के बाड़ी में विभिन्न प्रकार की सब्जियों का उत्पादन कर स्व-सहायता समूह की महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं। कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह और जिला पंचायत सीईओ राहुल देव के निर्देशन और मार्गदर्शन में जिले के गौठानों में बाड़ी विकास सहित अन्य बहुउद्देशीय रोजगारमूलक गतिविधियां कराई जा रही है। जिससे स्थानीय महिला स्व-सहायता समूह को आर्थिक दृष्टिकोण से सहायता प्राप्त हो रही है।
जनपद पंचायत प्रतापपुर के ग्राम पंचायत खड़गवां कला गौठान में करमडार महिला स्व-सहायता समूह ने खीरा 12 हजार रुपए और मूली और पालक भाजी 6 हजार रुपए का दो दिवस के अंदर बेचा गया है। समूह की अध्यक्षा कंचन ने बताया कि मूली और पालक भाजी गौठान की बाड़ी में लगभग 1 एकड़ में लगाई गई है जोकि हर दो दिवस के अंदर निकल रहा है। बाड़ी में लाल भाजी, टमाटर, धनिया, प्याज भी लगाया गया है।