विधायक नायक ने अपने बेटे को किया पुलिस के हवाले...

Posted On:- 2022-04-19



रायगढ़ (वीएनएस)। पुलिस थाने में आरक्षक से मारपीट और गुंडागर्दी करने के आरोपी बेटे ऋतिक को लेकर रायगढ़ विधायक प्रकाश नायक कोतरारोड थाने पहुंचे और पुलिस के सुपुर्द कर दिया। दो दिन पहले एक ट्रक ड्राइवर से सरेआम मारपीट करने के बाद थाने में हंगामा और पुलिस आरक्षक से ही मारपीट करने के मामले में पुलिस ने कांग्रेस विधायक के बेटे पर एफआईआर दर्ज किया था, लेकिन वह फरार हो गया था। आरक्षक के साथ ही एक प्रोबेशनर आईपीएस के साथ भी बदसलूकी का आरोप है। इस मामले में सीएम भूपेश बघेल ने दो टूक कहा था कि विधायक का बेटा हो या भूपेश बघेल का पिता कार्रवाई होगी। पुलिस को किसी ने नहीं रोका है।

मीडिया से चर्चा करते हुए विधायक प्रकाश नायक ने कहा कि मैंने अपने बेटे का उसके साथियों सहित सरेंडर कराया है। मैं चाहता हूं कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हों, जो दोषी हैं, उन पर कार्रवाई की जाए। मैंने विधायक धर्म निभाया, मैं पिता धर्म निभा रहा हूं, पर कानून से ऊपर कोई नहीं है। उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। दूसरी ओर पुलिस की तरफ से अभी सिर्फ इतना बताया गया है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है।