गरियाबंद (वीएनएस)। कलेक्टर ने आज संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में समस्त विभाग प्रमुख अधिकारियों की बैठक लेकर समय-सीमा प्रकरणों और कमार/भुंजिया जनजाति के लिए आयोजित विशेष शिविर में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की विभागवार समीक्षा की।
बैठक में जिला पंचायत की सी.ई.ओ रोक्तिमा यादव, वनमंडलाधिकारी मयंक अग्रवाल, ए.डी.एम जे.आर चौरसिया भी मौजूद थे। कलेक्टर ने अनुविभागवार पंचायत राज अधिनियम के तहत प्रेषित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए राशि वसूली पर जोर देते हुए सभी एस.डी.एम को प्रकरणवार संबंधितों से वसूली सुनिश्चित करने कहा। इसी प्रकार सोशल आॅडिट और अन्य वसूली पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने जिले के राजापड़ाव क्षेत्र और विशेष पिछड़ी जनजाति, कमार/भुंजिया के लिए अनुविभागवार आयोजित विशेष शिविर में क्षेत्र से संबंधित प्राप्त आवेदनों के निराकरण का विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को विभागीय समन्वय के साथ समस्याओं के समाधान करने के निर्देश दिये।
कलेक्टर ने कहा कि विशेष शिविर में प्राप्त आवेदन का विभाग की ओर से समयावधि में निराकरण किया जाये। आवेदन तभी निराकृत माना जाएगा, जब निराकरण से आवेदक संतुष्ट हो। आवेदन निरस्त न हो, इस केलिए संबंधित एस.डी.एम की ओर से विभागीय अधिकारियों से निराकरण के लिए आवश्यक पहल किया जाये। सभी एस.डी.एम को संबंधित क्षेत्र में मनरेगा के कार्यो में मूल्यांकन केलिए अधिकारियों की ड्यूटी लगाने तथा सभी जनपद सी.ई.ओ को स्वीकृत मनरेगा के काम प्रारंभ कराने के निर्देश दिये गए। बैठक में विकासखंडवार राजीव युवा मितान क्लब का गठन, धनवंतरी दवाई दुकानों में जेनेरिक दवाई की बिक्री, हाट-बाजार क्लीनिक में स्वास्थ्य सुविधाएं की भी समीक्षा की गई। साथ ही सभी एस.डी.एम को संबंधित क्षेत्र में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि प्राप्त किसानों की जानकारी रखने कहा गया।
आगामी माह में मुख्यमंत्री के जिले के भ्रमण को ध्यान में रखते हुए वन, लोक निर्माण विभाग और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को विभागीय विश्राम गृह की रंग रोगन व आवश्यक मरम्मत के साथ समुचित प्रबंध कराने के निर्देश दिये गए। सभी एस.डी.एम को क्षेत्र से संबंधित सभी विश्राम गृहों का निरीक्षण करने निर्देशित किया गया। बैठक में एस.डी.एम विश्वदीप, संयुक्त कलेक्टर ऋषा ठाकुर व समस्त विभाग के जिला अधिकारी उपस्थित थे। विकासखंड स्तर के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े थे।