जयपुर (वीएनएस)। आईएएस अफसर टीना डाबी और प्रदीप गवांडे कल शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। जयपुर के पांच सितारा होटल में दोनों की शादी की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और मेहमानों की एक बड़ी सूची रखी गई है।
बता दें इससे पहले उन्होंने जम्मू कश्मीर के आईएएस अधिकारी अतहर खान से 2018 में शादी की थी, लेकिन यह रिश्ता लंबा नहीं टिक सका और दोनों ने तलाक लेने का फैसला किया।
प्रदीप गंवाडे से करेंगी शादी : टीना डाबी ने हाल ही में अपना सोशल मीडिया अकाउंट डिलीट कर दिया था, जिसे लेकर काफी चर्चा चल रही थी। वह सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती थीं और कामकाज के साथ-साथ अपनी पर्सनल लाइफ से जुड़ी जानकारी भी लोगों के साथ शेयर करती रहती हैं। टीना डाबी ने अपने इंस्टाग्राम पर आईएएस प्रदीप गंवाडे के साथ अपनी सगाई की तस्वीरें शेयर की थीं। इसके बाद 20 अप्रैल को दोनों की शादी की तारीख फाइनल हुई थी। टीना की फोटो को लोगों ने खूब पसंद किया और उन्हें जीवन के नए सफर के लिए शुभकामनाएं भी दी थीं।
वैसे टीना डाबी सिर्फ इस शादी की वजह से सुर्खियों में नहीं हैं। बल्कि साल 2015 से कई मौकों पर वे ट्रेंड कर गई हैं। कभी उन्हें 'पहला दलित टॉपर' के तौर पर प्रोजेक्ट किया गया तो कभी दूसरे धर्म में शादी करने को लेकर काफी कुछ कहा गया, लेकिन तमाम चुनौतियों को पार कर टीना डाबी एक सफल आईएएस अफसर बनीं और अब अपनी जिंदगी की एक नई पारी भी शुरू करने जा रही हैं।
कौन हैं प्रदीप गंवाडे : टीना के होने वाले पति प्रदीप गंवाडे 2013 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। मेडिकल की पढ़ाई करने के बाद प्रदीप ने यूपीएससी एग्जाम क्लियर किया था। वह भी फिलहाल राजस्थान में तैनात है और राज्य के पुरातत्व विभाग में डायरेक्टर हैं। प्रदीप महाराष्ट्र के रहने वाले हैं और वह एक मराठी परिवार से संबंध रखते हैं।