नई दिल्ली (वीएनएस)। दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में आज और कल अवैध निर्माण पर नॉर्थ एमसीडी बुलडोजर चलाएगी। सुरक्षा और कानून व्यवस्था को बनाने के लिए पूरे इलाके में 1500 पुलिस जवानों की तैनाती की गई है और पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
हनुमान जयंती के दिन जहांगीरपुरी में हुई हिंसा के बाद बीजेपी और आप के बीच राजनीतिक घमासान जारी है। यूपी और मध्य प्रदेश के बाद अराजक तत्वों को सबक सिखाने के लिए अब दिल्ली में बीजेपी शासित एमसीडी को जहांगीरपुरी में अवैध निर्माण नजर आ गया है।
दिल्ली विधानसभा में विपक्ष में बैठी बीजेपी ने जहांगीरपुरी हिंसा के आरोपियों द्वारा कराए गए अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाने की मांग की थी। इसके बाद बीते दिन उत्तरी दिल्ली नगर निगम (NDMC) ने जहांगीरपुरी इलाके में आज और कल (21 अप्रैल) को अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाने का पत्र जारी कर दिया है।
इस संबंध में NDMC ने नॉर्थ वेस्ट के डीसीपी को पत्र लिखकर 20 और 21 अप्रैल को अवैध निर्माण ढहाए जाने के दौरान दिल्ली पुलिस के 400 जवानों को तैनात करने की मांग की है। इधर यह खबर मिलते ही बुधवार सुबह स्थानीय लोग अपना सामान इलाके से हटाते हुए नजर आए. इलाके में सुरक्षा व्यवस्था के भारी इंतजाम किए गए हैं।
आदेश गुप्ता ने लिखा था निगम को पत्र : दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने इसे लेकर उत्तरी दिल्ली नगर निगम के महापौर को पत्र भी लिखा था। उन्होंने आरोप लगाया था कि हिंसा में शामिल अराजक तत्वों ने स्थानीय विधायक और निगम पार्षद के संरक्षण में अवैध निर्माण कर रखा है।
आदेश गुप्ता ने निगम से अवैध निर्माण को चिह्नित करने की मांग की थी। इसके अलावा हिंसा इ नाराज बीजेपी नेता कपिल मिश्रा ने भी हनुमान जयंती पर पथराव करने वालों के घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि पत्थर उठाने वाले हाथ उठने लायक नहीं रहने चाहिए।