
नई दिल्ली (वीएनएस)। आम आदमी पार्टी के पूर्व नेता और कवि कुमार विश्वास के घर पंजाब पुलिस पहुंची है। इसकी जानकारी खुद विश्वास ने ट्वीट करके दी है। हालांकि अभी तक यह नहीं पता चल पाया है कि पंजाब पुलिस किन वजहों से कुमार विश्वास के घर पहुंची है। लेकिन पंजाब चुनावों के दौरान कुमार विश्वास ने आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर गंभीर आरोप लगाए थे। अंदेशा जाहिर किया जा रहा है कि उसी सिलसिले में पुलिस ने उनके घर दस्तक दी है।
वहीं एक ट्वीट करते हुए कुमार विश्वास ने लिखा, 'सुबह-सुबह पंजाब पुलिस द्वार पर पधारी है। एक समय, मेरे द्वारा ही पार्टी में शामिल कराए गए @BhagwantMann को आगाह कर रहा हूं कि तुम, दिल्ली में बैठे जिस आदमी को, पंजाब के लोगों की दी हुई ताक़त से खेलने दे रहे हो वो एक दिन तुम्हें व पंजाब को भी धोखा देगा। देश मेरी चेतावनी याद रखे।
https://twitter.com/DrKumarVishwas/status/1516615000605208579?s=20&t=dZu34PiejrwKmEPvFj8ZTQइस बयान पर हुआ था बवाल : पंजाब विधानसभा चुनाव के दौरान कुमार विश्वास के एक सनसनीखेज आरोप पर राजनीति गरमा गई थी। उन्होंने अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगाया था कि केजरीवाल ने देश को तोड़ने की बात की थी। यही नहीं विश्वास ने इस मामले पर केजरीवाल से जवाब भी मांगा था। हालांकि इसके जवाब में केजरीवाल ने खुद को स्वीट आतंकी बताते हुए कहा था कि वह लोगों के लिए स्कूल और अस्पताल बना रहे हैं।