सुप्रीम कोर्ट ने रोके बुलडोजर के पहिए, गुरुवार को होगी याचिका पर सुनवाई...

Posted On:- 2022-04-20



नई दिल्ली (वीएनएस)। जहांगीरपुरी इलाके में उत्तरी दिल्ली नगर निगम की ओर से अतिमक्रमण हटाने बुधवार सुबह कार्रवाई शुरू हुई। सबसे पहले कुशल चौक पर बुलडोजर के जरिये रेहड़ियों को तोड़ा गया। रेहड़ियों को तोड़ने के बाद अन्य अवैध निर्माण को भी तोड़ा गया है। कुशल चौक पर ही हनुमान जन्मोत्सव के दौरान शोभायात्रा पर पथराव किया गया था। सूत्रों के मुताबिक़ मस्जिद के 100 मीटर के दायरे में हुए अवैध निर्माण को हटाया गया।

वहीं जानकारी मिली है कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम की अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई के विरोध में सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गई है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को सुनवाई के दौरान दिल्ली के जहांगीरपुरी में यथास्थिति बनाए रखने के लिए कहा है। अतिक्रमण हटाने के अभियान के खिलाफ याचिका पर अब बृहस्पतिवार को सुनवाई होगी।

इस बीच खबर आ रही है कि जहांगीरपुरी इलाके में अवैध अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाने पर सुप्रीम कोर्ट से रोक की सूचना के बाद मौके पर कार्रवाई थोड़ी शिथिल पड़ती नजर आ रही है। समाचार के लिखे जाने तक लगभग सभी बुलडोजर वापस बुला लिए गए है। वहीं मलबा हटाने के लिए एक-दो बुलडोजर मौके पर खड़े हैं।