गौ-तस्करी करने वालों पर कड़ी निगरानी रखे व उन पर कायर्वाही करें : राजेश्री महंत

Posted On:- 2022-04-20



जशपुरनगर (वीएनएस)। छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राजेश्री महन्त, डॉ. राम सुन्दर दास ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में पशु क्रुरता निवारण समिति की प्रथम बैठक ली। बैठक में पशु संरक्षण, गौ तस्करी, पशु प्रताड़ना पर कायर्वाही के संबंध में विस्तार से जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस अवसर पर विधायक जशपुर विनय भगत, कलेक्टर रितेश कुमार अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल, गौसेवा आयोग के सदस्य शेखर त्रिपाठी, हीरू राम निकुंज, सुरज चौरसिया, मनोज सागर यादव, अनिल किस्पोट्टा, उपसचांलक पशुधन विभाग डॉ. जी.एस. तंवर, जिला शिक्षा अधिकारी जे.के. प्रसाद, कृषि अधिकारी सहित अन्य सदस्य व संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

अध्यक्ष राजेश्री महन्त ने बैठक में जिले में पंजीकृत, अपंजीकृत गौशालाओं की जानकारी ली। पशुओं के प्रति क्रुरता निवारण अधिनियम, छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिक्षण अधिनियम साथ ही समितियों की ओर से विद्यालयों तथा अन्य संस्थानों की पाठ्यपुस्तकों में पशुओं के प्रति बच्चों व युवाओं से मानवता एवं प्रेम भावना उत्पन्न करने के निर्देश दिए गए। बगीचा विकासखंड में दुग्ध समिति का गठन करने की बात कही। व्यापक प्रचार-प्रसार करने की बात कही। साथ ही उन्होंने कहा कि समिति की नियमित प्रत्येक चार माह में एक बार बैठक आवश्यक करें। पशुधन विकास विभाग को पुलिस विभाग से समन्वय स्थापित कर गंभीरता से गो तस्करी व गौ-मास के तस्करी पर रोक लगाने व उन पर कड़ी दंडनात्मक कायर्वाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पशु तस्करी करने के लिए उपयोग लाने वाले सभी वाहनों को राजसात करने की कायर्वाही करें। उन्होंने अवैध मांस बिक्री केन्द्रों को शासन की मदद से रोक लगाने के सख्त निर्देश दिए। मांस की दुकानों को स्वास्थ्य की दृष्टि से व्यवस्थित करने के साथ ही मानदंडों का पालन करने की बात कही।

कलेक्टर अग्रवाल ने बताया कि ग्राम पंचायतों में मुनादी के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। पशु कृषकों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिले के सभी विकास खंडों में पशु मेला का भी आयोजन किया जाएगा। साथ ही अन्य गतिविधियों के माध्यम से भी पशु क्रूरता को रोकने का प्रयास किया जा रहा है। जिससे की पशुओं का संरक्षण हो सके। बैठक में उप संचालक, डॉ. जी.एस. तंवर, पशुधन विभाग ने बताया कि जिले में वर्ष 2021-22 में पशु क्रूरता के तहत 30 प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। जिस पर कायर्वाही की जा रही है। उन्होंने बताया कि जिले में पशु संगणना 2020 के अनुसार 9 लाख 73 हजार 415 पशुधन व 11 लाख 68 हजार 494 पक्षीधन है। छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम का उल्लंघन करने पर 7 वर्ष का कारावास व 50 हजार के जुर्माने से दंडित किया जा सकता है।