धान के बदले अन्य वैकल्पिक फसलों को बढ़ावा देने योजनाबद्ध कार्य करें : कलेक्टर

Posted On:- 2022-04-20



बालोद (वीएनएस)। कलेक्टर महोबे ने कहा कि आगामी खरीफ सीजन में धान के बदले अन्य वैकल्पिक फसलों को बढ़ावा देने योजनाबद्ध कार्य करें। कलेक्टर महोबे आज नवीन टाउन हॉल में कृषि और सहकारिता विभाग के अधिकारियों की आयोजित बैठक में निर्देशित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि धान के बदले अन्य वैकल्पिक फसलों के लिए शासन से प्राप्त लक्ष्य को आपसी समन्वय से पूरा करें।

कलेक्टर ने राजीव गांधी किसान न्याय योजना की जानकारी दी और कहा कि किसानों को धान के बदले गन्ना, अरहर, कोदो, कुटकी, रागी, मक्का, दलहन, तिलहन, सुगंधित धान, केला, पपीता आदि फसल लगाने प्रोत्साहित करें। उन्होंने वर्मी कम्पोस्ट तथा रासायनिक उर्वरक के भंडारण और उठाव की जानकारी ली और निर्देशित किया कि निर्धारित समय तक वर्मी कम्पोस्ट तथा रासायनिक उर्वरक का अग्रिम उठाव सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने कहा कि शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं के क्रियान्वयन में कोई भी लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।

कलेक्टर ने कहा कि गौठानों में शीघ्र ही शिविर का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने गोधन न्याय योजना के अंतर्गत खरीदे गए गोबर से उत्पादित वर्मी कम्पोस्ट का शतप्रतिशत उठाव के निर्देश दिए। उन्होंने गौठानों में आजीविका संबंधी गतिविधियों के लिए स्वसहायता समूह की सदस्यों को प्रशिक्षण व मार्गदर्शन देने के निर्देश दिए। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को गौठानों का मॉनीटरिंग करने के निर्देश दिए और कहा कि किसी भी समस्या से जनपद पंचायतों के मुख्य कायर्पालन अधिकारियों को अवगत कराएॅ। उन्होंने गौठानों में पशु चिकित्सा शिविर लगाने तथा बीमार मवेशियों का उपचार करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर कृषि विभाग के संयुक्त संचालक राजेश राठौर, उप संचालक एन.एल. पांडे, सहायक संचालक आशीष चंद्राकर, जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कायर्पालन अधिकारी हेमंत ठाकुर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।