शबरिया डेरा को प्राप्त है पुलिस प्रशासन व आबकारी विभाग का आशीर्वाद...

Posted On:- 2022-04-21



भटगांव (वीएनएस)। नगर से महज 5 किलोमीटर दूर ग्राम शबरिया डेरा है जहां प्रतिदिन सैकड़ों लीटर कच्ची शराब निर्माण कर बेची जाती है, जो क्षेत्र के साथ साथ दूसरे क्षेत्रो में भी प्रसिद्ध है। नगर व आसपास के गांवों में घर पहुंच सेवा कर कोचियों को महुआ शराब दिया जाता है। ये सब पुलिस प्रशासन के आशिर्वाद से ही चल रहा है। वहीं दूसरी तरफ पुलिस प्रशासन कुम्भकरणी निद्रा में सोया अनजान बना हुआ है। आबकारी विभाग व पुलिस प्रशासन को बदले में शराब माफियाओं द्वारा विशेष रूप से प्रसाद की व्यवस्था कर पहुंचाया जाता है। शायद यही वजह है कि पुलिस प्रशासन व आबकारी विभाग कच्ची शराब निर्माण कर बिक्री करने वाले शबरिया डेरा पर कोई कार्यवाही नहीं करती।

ऐसा भी नहीं है कि पुलिस प्रशासान के उच्चाधिकारी को इस बारे में मालूम न हो, लेकिन विशेष प्रसाद मिलने के कारण वह भी चिर निद्रा में सोया हुआ है जो सोचनीय है। कच्ची शराब निर्माण व कारोबार करने वाले शबरिया डेरा पर आखिर इतनी आशीर्वाद क्यों... आबकारी विभाग और पुलिस प्रशासन कार्यवाही करते भी है तो केवल और केवल खाना पूर्ति के लिए ही। वो भी कार्यवाही के नाम पर छोटे मोटे कोचियों पर कार्यवाही करके फाइलों में दर्ज कर खानापूर्ति किया जाता है।

पुलिस समाज सेवा के लिए बनाया गया है लेकिन समाज के लोगों को ज़हर पिलाने वाले लोगों को आशिर्वाद देने के लिए नहीं। क्षेत्र के सबसे बड़े कच्ची शराब के कारोबार करने वाले माफिया गांव शबरिया डेरा पर पुलिस प्रशासन कार्यवाही क्यों नहीं कर रही है, क्यों उनके हाथ काँप रहे हैं। जहां प्रतिदिन सैकड़ों लीटर शराब बनती है। और खुलेआम धड़ल्ले के साथ शराब प्रतिदिन बेचा जा रहा है। शबरिया डेरा का शराब दूसरे क्षेत्र के कोचीयो को भी दिन प्रतिदिन बेची जा रही है। यही नहीं बल्कि दिन प्रतिदिन थोक और चिल्हर कारोबारी शबरिया डेरा से ही ले जाकर संचालित कर रहे है। नगर एवं क्षेत्र में कच्ची शराब की उपलब्धता होने के कारण नशा करने वालों की संख्या दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। जिसके घर परिवार में नशा करने वाला व्यक्ति हैं उनके परिजन परेशान हैं। आबकारी विभाग व पुलिस प्रशासन अवैध शराब निर्माण व कारोबार करने वाले माफिया गांव शबरिया डेरा पर कार्यवाही ना करना सोचने वाली बात है जिनके नियत पर संदेह करना लाजिमी है।