संयुक्त टीम ने बोरसी में रोका बाल विवाह

Posted On:- 2022-04-21



जांजगीर चांपा (वीएनएस)।  महिला और बाल विकास विभाग की जिला बाल संरक्षण इकाई जांजगीर और पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार कोबम्हनीडीह विकास खंड के ग्राम बोरसी ( बिर्रा) में बाल विवाह को रोकने की कार्रवाई की।

बाल विवाह संबंध में सूचना प्राप्त होने पर जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेंद्र कश्यप और जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी तारकेश्वर सिंहा के मार्गदर्शन में जिला बाल संरक्षण अधिकारी गजेन्द्र सिंह जायसवाल ने टीम तैयार कर पुलिस विभाग से समन्वय करते हुए ग्राम बोरसी बिर्रा में बालिका के घर जाकर बालिका के उम्र सत्यापन के लिए बालिका का अंकसूची की मांग किये जाने पर बालिका की अंकसूची, बालिका का दाखिल खारिज प्राप्त किया गया जिसमें बालिका का उम्र 16 वर्ष 7 माह पाई है।

बालिका का विवाह गुरुवार को 21 अप्रैल को निर्धारित था जहां बारात पहुंच गई थी। जिला बाल संरक्षण इकाई महिला  और बाल विकास और चाइल्ड लाइन के कर्मचारियों ने बालिका तथा बालिका के माता-पिता और वर पक्ष के पिता व परिवार तथा स्थानीय लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया। उन्हें समझाईश के पश्चात सरपंच और स्थानीय लोगों की उपस्थिति में दोनों पक्षों की सहमति से बालिका का विवाह रोका गया है।

दल में जिला बाल संरक्षण इकाई से गजेंद्र सिंह जायसवाल जिला बाल संरक्षण अधिकारी पर्यवेक्षक श्रीमती उर्मिला भारती, चाइल्ड लाइन से भुपेश कुमार कश्यप टीम मेम्बर तथा पुलिस विभाग सहायक उप निरीक्षक आर एस मरावी, आरक्षक प्रद्युम कश्यप शामिल थे।

 ज्ञातव्य है कि बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के तहत विवाह के लिए लड़की की उम्र 18 वर्ष तथा लड़के की उम्र 21 वर्ष निर्धारित है। निर्धारित उम्र से कम होने की स्थिति में बाल विवाह करने पर पुलिस विभाग ने  अपराध पंजीबद्ध करते हुए विवाह करने वाले माता-पिता, विवाह में सम्मिलित होने वाले रिश्तेदार, विवाह कराने वाले पंडित के विरूद्ध कार्रवाई की जायेगी। अधिनियम के तहत 2 वर्ष के कठोर सश्रम कारावास तथा 1 लाख के जुर्माने अथवा दोनों से दंडित किया जाने का प्रावधान है।