जम्मू (वीएनएस)। सुरक्षा बलों के लगातार कसते शिकंजे से बौखलाए आतंकी अब छिप कर वार करो और भाग जाओ शैली पर उतर आए हैं। ऐसी ही एक घटना में शुक्रवार सुबह तड़के आतंकियों ने सीआईएसएफ के जवानों को ले जा रही बस पर हमला कर दिया। आतंकी हमला होते ही जवानों ने भी आतंकियों के खिलाफ गोलीबारी शुरू कर दी। आतंकियों से जवाबी गोलीबारी में एएसआई शहीद हो गया, जबकि दो जवान घायल हैं।
सीआईएसएफ के अधिकारी ने बताया कि सीआईएसएफ ने इस हमले का बखूबी सामना किया और आतंकियों को मूंहतोड़ जवाब दिया, जिसके चलते आतंकियों को वहां से भागना पड़ा। लेकिन इस दौरान एक एएसआई को गोली लग गई और वह शहीद हो गया, जबकि दो जवान घायल हुए हैं।
जम्मू के एडीजीपी मुकेश शिंह ने कहा कि आतंकी किसी घर में छिपे हो सकते हैं, आतंकियों के खिलाफ अभी भी ऑपरेशन चल रहा है। पुलिस ने बताया कि हमारे पास इस बात का इनपुट था कि जम्मू में आतंकियों की सक्रियता है। हमने पूरे इलाके को घेर लिया है। पुलिस को संदेह है कि दो या तीन आतंकी इलाके में छिपे हैं। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 23 अप्रैल को जम्मू जा रहे हैं और आर्टिकल 370 को हटाए जाने के बाद पहली बार जम्मू जा रहे हैं।