बाजार खुलते ही धड़ाम : सेंसेक्स 500 अंक से ज्यादा टूटा, निफ्टी भी लाल निशान पर

Posted On:- 2022-04-22



मुंबई (वीएनएस)। सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शेयर बाजार शुक्रवार को बड़ी गिरावट के साथ खुले। स्टॉक मार्केट के दोनों इंडेक्स लाल निशान पर खुले। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स सूचकांक 546 अंक या 0.94 फीसदी की गिरावट के साथ 57,366 के स्तर पर खुला।

बीएसई के सेंसेक्स के साथ ही नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी सूचकांक ने भी 166 अंक या 0.95 फीसदी फिसलकर 17,227 के स्तर पर कारोबार शुरू किया। गौरतलब है कि इससे पहले बीते कारोबारी दिन गुरुवार को शेयर बाजार ने हरे निशान पर शुरुआत की और दिनभर के कारोबार के बाद अंत में जोरदार तेजी लेते हुए बंद हुआ था। सेंसेक्स सूचकांक 874 अंक या 1.53 फीसदी की बढ़त के साथ 57,912 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी सूचकांक 265 अंक या 1.49 फीसदी चढ़कर 17,393 के स्तर पर बंद हुआ था।

मिड कैप में गिरावट और स्मॉल कैप में मामूली बढ़त BSE के मिड कैप में गिरावट और स्मॉल कैप फ्लैट है। मिडकैप में क्रिसिल, अडाणी पावर, JSW एनर्जी, इंडिया होटेल और माइंड ट्री में तेजी है। जबकि एयू बैंक, अशोक लेलैंड, अपोलो हॉस्पिटल, टाटा कम्यूनिकेशन, टाटा कज्यूमर और RBL बैंक में गिरावट है। स्मॉल कैप में ऑन मोबाइल, जी मीडिया, इलगी इक्विपमेंट, बारबीक में बढ़त रही।