मोदी ब्रिटेन के प्रधानमंत्री के साथ वर्ष 2030 की रूपरेखा लागू करने की प्रक्रिया की समीक्षा करेंगे

Posted On:- 2022-04-22



 

नई दिल्ली (वीएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को नई दिल्ली में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। दोनों प्रधानमंत्री 2030 की रूपरेखा को लागू करने की प्रक्रिया की समीक्षा करेंगे और द्विपक्षीय संबंधों में सहयोग को बढ़ाने पर दृष्टिकोण तय करेंगे। वे आपसी हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।

 श्री जॉनसन दो दिन की भारत यात्रा पर कल रात दिल्‍ली पहुंचे। आज सुबह राष्ट्रपति भवन में उनका औपचारिक स्वागत किया गया। संवाददाताओं से बातचीत में बोरिस जॉनसन ने इसे भारत और ब्रिटेन के मैत्रीपूर्ण संबंधों के लिए बेहद शुभ क्षण बताया। उन्होंने कहा कि द्विपक्षीय संबंध कभी भी उतने अच्छे या मजबूत नहीं रहे जितने आज हैं।

 बाद में श्री जॉनसन राजघाट गये और महात्मा गांधी की समाधि पर माल्यार्पण किया। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर का उनसे मुलाकात करने का कार्यक्रम है। ब्रिटेन के प्रधान मंत्री के रूप में श्री जॉनसन की यह पहली भारत यात्रा है।