देश की उत्‍तरी सीमा पर तनाव कम करना ही आगे बढने का रास्‍ता : राजनाथ सिंह

Posted On:- 2022-04-22



नई दिल्ली (वीएनएस)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने फिर कहा है कि देश की उत्‍तरी सीमा पर सेना को पीछे हटाना और तनाव कम करना ही आगे बढने का रास्‍ता है। श्री सिंह ने पूर्ण विश्‍वास व्‍यक्‍त किया कि सेना मजबूती से खडी है और शांतिपूर्ण समाधान के लिए मौजूदा बातचीत जारी रहेगी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्‍ली में सेना कमांडर सम्‍मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्‍होंने कहा कि हाईब्रिड युद्ध सहित गैर-पारम्‍परिक और विषम युद्ध-भविष्‍य की लडाइयों के अंग होंगे।

 पश्चिमी सीमा पर मौजूदा स्थिति का उल्‍लेख करते हुए श्री सिंह ने सीमापार आतंक से निपटने के लिए सेना की सराहना की। उन्‍होंने कहा कि इसके बावजूद सीमापार से छद्म युद्ध जारी है। रक्षा मंत्री ने जीवन के प्रत्‍येक क्षेत्र में हो रहे तकनीकी बदलाव पर बल दिया। उन्‍होंने तकनीक को अपनाने के लिए सशस्‍त्र बलों की सराहना की। उन्‍होंने कहा कि समेकित थियेटर कमान को औपचारिक रूप देना आज की आवश्‍यकता है। रक्षा मंत्री ने इस दिशा में हो रही प्रगति पर प्रसन्‍नता व्‍यक्‍त की।

 श्री सिंह ने हाल ही में ऑपरेशन गंगा के तहत यूक्रेन से भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिए सशस्‍त्र बलों की सराहना की। रक्षामंत्री ने पिछले ढाई वर्ष में सेना का सफल नेतृत्‍व करने के लिए जनरल मनोज मुकुंद नरवणे की भी सराहना की।