ग्राम पालनार में हेल्थ मेले से 1157 मरीजों को मिला लाभ

Posted On:- 2022-04-22



दंतेवाड़ा (वीएनएस)। आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर राज्य शासन के निर्देश पर जिले में लगातार समस्त विकास खंडों में हेल्थ मेला का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में विगत 21 अप्रैल को कुआकोंडा विकासखंड के ग्राम पंचायत पालनार में हेल्थ मेला का आयोजन किया गया। उक्त हेल्थ मेले में पालनार के आसपास की सभी पंचायत के ग्रामीणों ने अपना स्वास्थ्य लाभ लिया। विभाग की ओर से उक्त मेले में विशेषज्ञ चिकित्सक के साथ-साथ एनसीड स्क्रीनिंग, डेंटल स्क्रीनिंग आयुष्मान कार्ड का निर्माण, आईडी कार्ड का निर्माण आंख की जांच, योगा लैब जां मातृ और शिशु स्वास्थ्य जांच, आयुष विंग जैसी विभिन्न प्रकार की सुविधाएं मेले में उपलब्ध कराई गई।

 उक्त मेले में 1157 मरीजों का पंजीयन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने मेले में भाग लिया। पहली बार इस प्रकार के आयोजन से ग्राम पालनार के आसपास के सभी पंचायतों के ग्रामीणों में उत्साह देखा गया।लगभग 152 ग्रामीणों का हेल्थ आईडी कार्ड बनाया गया।

साथ ही 187 ग्रामीणों का आयुष्मान कार्ड बनाया गया। शिविर में 105 मरीजों को टेलीकंसल्टेशन के माध्यम से जिला चिकित्सालय के विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह पर उपचार दिया गया। 308 मरीजों का शुगर और बीपी की जांच की गई। स्वास्थ्य मेले में समाज कल्याण विभाग की और से दिव्यांग जनों को सहायक उपकरण का वितरण किया गया। उक्त स्वास्थ्य मेले में जिले से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.सी. शर्मा, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ राजेश ध्रुव, अधिकारीगण एवं स्वास्थ्य विभाग से पैरामेडिकल स्टाफ व अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।