बात बेबाक : हवा में रहने वाले सभी मित्रों को अर्थ डे की हार्दिक शुभकामनाएं...

Posted On:- 2022-04-22



एसी गाड़ी, बंगले, ऑफिस और होटलो में रहने वाले ठंडी जगहों पर नंबर दो की कमाई से ऐश करने वाले आज बढ़ती गर्मी व पर्यावरण को लेकर चिंतित हो ज्ञान बाँट रहे तो हम भी मुफ्त की सलाह बांटने में कहां पीछे रहने वाले फिलहाल तो हम भी छोटा मोटा ज्ञान पेल देते है।

धरती का तापमान बढ़ता जा रहा है, पर्यावरण को छोड़ हर कोई कंक्रीट के जंगल बनाने में व्यस्त है, क्या कोई फायदा है ऐसे विकास का? खैर प्रकृति भी अपने अनुसार संकेत दे रही है, बस उनको समझना ज़रूरी है। वैसे इस बार मौसम अजीब हो चला है। अप्रैल के शुरुआत से ही सूरज देव के तेवर गर्म हो चले है। गर्मी आते ही पानी बचाने, चिड़ियों के दाने पानी और प्याऊ की व्यवस्था की चिंता करना फैशन हो चला है। ''पानी बचाओ'' आन्दोलन चलाने रैली, समरोह, भाषणबाज़ी के साथ साथ डबरा खोचका की सफाई करते हुए फोटो फेसबुक में डालने के छपास रोगी राजनैतिक गलियारों दफ्तरों से लेकर गली मोहल्ले तक मिलने लगे है। एक समय था जब बिना किसी तामझाम के जगह जगह प्याऊ खोल दिए जाते थे। जिनमे मटके का ठंडा पानी लोगो की प्यास बुझाता था, किंतु समाज सेवा में घुसी दिखावे की राजनीति लालच और पदलोलुपता ने सब बदल कर रख दिया। अब बिना मतलब के समाज सेवा भी नही होती। दंगो की आग में झुलस चुकी धर्मनगरी में एक दूसरे की रैलियों में शर्बत पिला कर सौहाद्र और समाज सेवा के ढोंग रचने वाले आजकल लापता है। प्याऊ खोल पानी पिलाने वाले धर्मात्मा जब लापता हो जाते है तब पानी पिलाने जैसी जनसेवा भी वर्दीधारियों (पुलिस) को करनी पड़ रही जो समाज सेवा का ढिंढोरा पीटने वालो के मुंह मे तमाचा है। वैसे एकाध जगह किसी महिला मंडली या किसी समाज का प्याऊ घर दिख जाए तो वह अपवाद होगा।

आज दिखावे की समाज सेवा के चलते हालात ये है कि खुलने वाले प्याऊ के साथ तामझाम करना पड़ेगा फोटो वोट खिंचाव कर सोशल मीडिया में डालनी होगी तभी बेअक्कल लोग बड़े वाले समाज सेवक समझेंगे और फोट अपलोड करने पर सोशल मीडिया पर लाइक्स मिलेगा। पानी बचाने और प्यासों की प्यास बुझाने पानी की चिंता में इतना सोचना तो नवांकुरित नेता रूपी समाजसेवकों का जन्म सिद्ध अधिकार है। अब वे समाज की चिंता नही करेंगे तो कौन करेगा और फिर यह तो सालाना दस्तूर है निभाना तो पडेगा ही।

वैसे चुभती जलती गर्मी में नेताओ अफसरों की झक सफेद गाड़ी को पानी की फुहारों से धुलते देख अपनी गाड़ी धोने की फिराक में पानी बचाये या गाड़ी धुलाये पर चिंता और चर्चा जरूर करते रहिए क्योंकि "जल है तो कल है"।

और अंत मे :- तुम्हारे कहने ना कहने से कोई फ़र्क़ नहीं पड़ता , मैंने तुम्हारी आँखों में अपनी जरूरत देखी है।