धमतरी (वीएनएस)। एवरेस्ट बेस कैम्प नेपाल के लिए जिले की दो बेटियां शुक्रवार को रवाना हुई, जिसमें दोनों एक्ज़ेक्ट फाउंडेशन की बच्चियां हैं। एक चंचल सोनी और दूसरी रजनी जोशी है। शुक्रवार को संस्था की लक्ष्मी सोनी, देवश्री जोशी और चंचल सोनी को दत्तक बेटी के रूप में गोद लिए हुए मोहन लालवानी,आशीष बंगानी की उपस्थिति में रवाना किया गया। देवश्री जोशी ने बताया कि छत्तीसगढ़ से अन्य लोगों के साथ यह दोनों रायपुर से नेपाल के लिए रवाना होंगी जो एग्जैक्ट फाउंडेशन संस्था के लिए गर्व की बात है। मोहन लालवानी ने बताया कि जब से उन्होंने चंचल सोनी को दत्तक पुत्री के रूप में गोद लिया है तब से वह पिता के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। यह गर्व की बात है कि चंचल ने इतना बड़ा साहस दिखाया और रजनी जोशी के साथ दोनों नेपाल में पर्वतारोहण करेंगी।
राज्य के ब्लेड रनर हाफ ह्युमन रोबो के नाम से मशहूर पर्वतारोही चित्रसेन साहू ने बताया कि छत्तीसगढ़ से 9 लोगों को लेकर वह नेपाल जा रहे हैं। जहां पर एवरेस्ट बेस कैंप में 5364 मीटर की चढ़ाई होगी। 23 अप्रैल को रायपुर से रवाना होंगे और 10 मई को वापसी होगी।
इसमें विशेष सहयोग छत्तीसगढ़ शासन समाज कल्याण विभाग का मिल रहा है। यह एक प्रकार का अलग अनुभव रहेगा। चित्रसेन साहू ने बताया कि उन्होंने हमेशा ही अपने लोगों के लिए काम किया है ताकि उन लोगों के साथ भेदभाव ना हो।