नई दिल्ली (वीएनएस)। आईपीएल 2022 में कोरोना वायरस का असर दिखने लगा है। ऐसा लगता है कि आईपीएल फ्रैंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स पूरी तरह कोरोना के चपेट में आ चुकी है। स्क्वॉड से एक के बाद एक पॉजिटिव केस आते ही जा रहे हैं। अब हेड कोच रिकी पोंटिंग की फैमिली को यह बीमारी हो गई है। इस ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज का एक परिवारिक सदस्य कोविड पॉजिटिव पाया गया है।
खास तौर पर आईपीएल टीम दिल्ली कैपिटल्स के साथ ये कुछ ज्यादा ही हो रहा है। अभी कुछ ही दिन पहले दिल्ली कैपिटल्स के कुछ खिलाड़ी और सपोर्ट स्टॉफ कोविड 19 पॉजिटिव आए थे, ये मामला अभी ठंडा होता, इससे पहले ही टीम के कोच रिकी पोंटिंग के परिवार भी इसकी जद में आ गए हैं। हालांकि खुद रिकी पोंटिंग अभी बचे हुए हैं और उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है, लेकिन एहतियात के तौर पर उन्हें क्वारंटीन में भेज दिया गया है।
टीम की ओर से बयान जारी : दिल्ली कैपिटल्स ने एक बयान में कहा, ‘पोंटिंग हालांकि दो बार जांच में निगेटिव आए हैं। टीम के सर्वश्रेष्ठ हित को देखते हुए प्रबंधन और मेडिकल टीम ने फैसला किया है कि वह पांच दिन तक पृथकवास में रहेंगे क्योंकि वह एक करीबी संपर्क हैं।‘ फ्रेंचाइजी ने मौजूदा परिस्थिति में पोंटिंग और उनके परिवार की निजता का सम्मान करने का अनुरोध किया है।’
आधे दर्जन से ज्यादा पॉजिटिव केस : बायो-बबल में सभी पॉजिटिव मामलों पर नजर रखी जा रही है। बुधवार को दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच तय समय पर खेला गया, हालांकि दिल्ली के दल में छठा पॉजिटिव मामला आने से मैच के आयोजन पर अनिश्चितता के बादल मंडरा गए थे। इससे बायो-बबल उल्लघंन पर कुछ गंभीर सवाल उठाए गए। टिम सिफर्ट टीम के छठे पॉजिटिव सदस्य थे जबकि आस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर मिशेल मार्श सोमवार को पॉजिटिव आए थे।