सुर्ख़ियों में छाई इस कपल की लव मैरिज, पुलिस बनी बाराती, अधिकारियों ने कराई शादी

Posted On:- 2022-04-23



भुवनेश्वर (वीएनएस)। नक्सली और पुलिस के बीच आमतौर पर मुठभेड़ की खबरें सुनने को मिलती रहती हैं, लेकिन ओडिशा में शुक्रवार को कुछ और ही नजारा देखने को मिला है। दरअसल, एक माओवादी दंपति जिन्होंने वर्षों पहले हिंसा से दूर होकर ओडिशा पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया था, शुक्रवार को उनकी शादी मंदिर में बड़ी धूमधाम के साथ संपन्न हुई। ये शादी लव मैरिज थी। दोनों पहली बार कालाहांडी पुलिस के आयोजित एक आत्मसमर्पण शिविर में मिले थे, जहां दोनों हिंसा त्याग कर 2019 में मुख्यधारा में शामिल हो गए। अब ये शादी पूरे शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है।

दो पूर्व माओवादियों, केसब वेलादी (रामदास) और कलामदेई मांझी (गीता) की शादी पुलिस डीआईजी राजेश पंडित, जिला पुलिस एसपी डॉ सरवण विवेक और 64 वीं बटालियन बिबलब सरकार की मौजूदगी में हुई। रामदास प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) के केकेबीएन डिवीजन के एरिया कमेटी सदस्य (एसीएम) था। छत्तीसगढ़ के बीजापुर के मूल निवासी रामदास ने 18 फरवरी, 2020 को कालाहांडी पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। जबकि, गीता ने 5 जनवरी 2016 को कालाहांडी पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया था। इसके बाद राज्य सरकार की आर एंड आर नीति के तहत उसका पुनर्वास किया गया था।

इस शादी में जिले के शीर्ष पुलिस अधिकारी नवविवाहितों को आशीर्वाद देने के लिए आए थे। इस दौरान रिजर्व पुलिस ग्राउंड परिसर के अंदर मंदिर को विशेष तौर पर सजाया गया था। शादी के लिए जोड़े की सहमति के बाद कालाहांडी पुलिस ने शादी समारोह का भी आयोजन किया था। समारोह में पुलिस, सीआरपीएफ और मीडियाकर्मियों के साथ दूल्हा-दुल्हन के परिवार के सदस्य भी शामिल रहे। इस मौके पर राज्य पुलिस ने भी माओवादियों से हिंसा छोड़कर मुख्यधारा में शामिल होने की अपील की। आत्ममर्पण करने पर नक्सलियों को मिले लाखों रुपए कालाहांडी पुलिस ने बताया कि सरकार की पुनर्वास नीति के तहत रामदास को 3.98 लाख रुपये और कलामदेई को 2.98 लाख रुपये दिए गए। उन दोनों को उनकी पसंद के अनुसार बिजनेस ट्रेनिंग भी दी गई थी। पुलिस के अनुसार, रामदास पुलिस के सामने आत्मसमर्पण करने से पहले लगभग नौ साल तक प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) केकेबीएन डिवीजन के सदस्य थे। वह छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के एक गरीब परिवार से ताल्लुक रखते हैं।