
कोरबा (वीएनएस)। जिले के सभी शासकीय उचित मूल्य की दुकानों में खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाती है जिसमें चावल, नमक, शक्कर, चना, मिट्टी तेल इत्यादि सामग्री मिलता है। लेकिन वर्तमान में पूरे कोरबा जिले के उचित मूल्य की दुकानों में खाद्य का भंडारण सही समय पर नहीं हो रहा है। खाद्य सामग्री समय पर उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। अलग-अलग सामग्री को अलग-अलग दिन लेने बुलाया जाता है, जिससे बार-बार जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। तापमान की अधिकता भीषण गर्मी तेज धूप में उपभोक्ताओं व हितग्राहियों को बार बार चक्कर काटना पड़ रहा है। इससे काफी परेशानियां हो रही है।
जिले के भाजयुमो जिला महामंत्री, कोरबा नगर निगम पार्षद नरेंद्र देवांगन के पास वार्ड के साथ नगर निगम क्षेत्र, नगर एवं उप नगर तथा ग्रामीण क्षेत्र में भी यह समस्या सामने आई। पार्षद नरेंद्र देवांगन ने लोगों को उपभोक्ताओं एवं हितग्राहियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो जिसे देख जिला खाद्य अधिकारी, कोरबा कलेक्टर एवं छत्तीसगढ़ शासन खाद्य मंत्री को पत्र लिखकर शीघ्र ही सभी उचित मूल्य की दुकानों में समय पर खाद्य सामग्रियों की उपलब्ध कराने की मांग की है।