
खरसिया (वीएनएस)। एसकेवाई पावर प्लांट टेमटेमा चपले गांव के बीच ग्राम कनमुरा में स्थापित है। जहां उनके द्वारा पर्यावरण के नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही है। प्लांट द्वारा चौबीसों घंटे उगले जा रहे विषैले धुएं से क्षेत्र की जनता व्याकुल हो चुकी है। पूरा क्षेत्र काला धुआं पीने को मजबूर है, क्षेत्र का पर्यावरण प्रदूषित हो रहा है जो जनजीवन को प्रभावित कर रहा है। नेशनल हाईवे मार्ग चपले से रायगढ़ रोड पर आने जाने वालों को यह प्रदूषण सामान्य आखों से भी स्पष्ट दिखाई देता है। परंतु स्थानीय प्रशासन एवं पर्यावरण विभाग सहित सभी जनप्रतिनिधि मौन साधे तमाशा देख रहे हैं। यह स्थिति भविष्य में और भयानक होगी जो पूरे जनजीवन के लिए घातक सिद्ध होगी।
भाजपा किसान मोर्चा के विधानसभा प्रभारी टिकेश डनसेना, चपले किसानमोर्चा मंडल अध्यक्ष हरिनारायण, महामंत्री लक्ष्मीनारायण, दिनेश पटेल, खेम साहू, आनंद पटेल, पीताम्बर डनसेना, घुनेश्वर डनसेना, शिव महंत, किशन डनसेना एवं अन्य क्षेत्रवासी के साथ मिलकर भाजपा किसान मोर्चा ने ज्ञापन देकर जिलाधीश से कहा कि क्षेत्र में स्काई पावर प्लांट द्वारा पर्यावरण प्रदूषित किया जा रहा है, उस पर कड़ी से कड़ी दंडात्मक कार्यवाही करते हुए पर्यावरण प्रदूषण को नियंत्रित करने मांग की।