मुंबई (वीएनएस)। महाराष्ट्र में हनुमान चालीसा और लाउडस्पीकर को लेकर शनिवार को दिनभर हंगामा हुआ। अमरावती से निर्दलीय सांसद नवनीत राणा और उनके विधायक पति रवि राणा को खार पुलिस ने अरेस्ट कर लिया। दोनों के खिलाफ अपने बयानों से धर्म, जाति के आधार पर विद्वेष फैलाने का आरोप है। दोनों को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा।
इधर, देर रात दोनों से मिलने खार पुलिस स्टेशन पहुंचे भाजपा नेता किरीट सोमैया की कार पर शिवसेना कार्यकर्ताओं ने पथराव कर दिया। पुलिस स्टेशन से निकलते समय शिवसेना कार्यकर्ताओं ने उनकी कार पर पत्थर, बोतलें और चप्पलें फेंकीं। हमले में सोमैया की कार का कांच टूट गया और उनके चेहरे पर चोट लगने से खून बहने लगा। सोमैया ने आरोप लगाया है उन पर जानलेवा हमले के बावजूद मामूली घटना की FIR दर्ज की गई है।
किरीट सोमैया ने आरोप लगाया कि जब वे राणा दंपती से मिलने खार पुलिस स्टेशन गए थे, तब पुलिस ने बड़ी संख्या में शिवसैनिकों को वहां जमा होने दिया। बाहर निकलते ही उन्होंने हमला कर दिया, जिसमें कार के शीशे टूटे और चेहरे पर जा लगे। किरीट ने आगे कहा- यह यह तीसरी बार है जब उद्धव ठाकरे के गुंडों ने मुझे मारने की कोशिश की है।
राणा के घर के बाहर शिवसैनिकों का हंगामा : बता दें कि राणा दंपत्ति ने शनिवार को मातोश्री के बाहर हनुमान चालीसा पढ़ने का ऐलान किया था। इसके बाद दिनभर राणा दंपत्ति के खार स्थित घर पर जमकर हंगामा हुआ। पुलिस और शिवसैनिकों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। शिवसैनिकों ने राणा के घर के बाहर लगे बैरियर तोड़ दिए और घर में घुसने की कोशिश की।