मुंबई (वीएनएस)। मुंबई पुलिस ने सांसद नवनीत राणा के खिलाफ एक और प्राथमिकी दर्ज की है। आपको बता दें कि उन्हें और उनके पति को मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के निजी आवास के बाहर हनुमान चालीसा पढ़ने की उनकी धमकी पर "विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी पैदा करने" के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। प्राथमिकी भारतीय दंड संहिता की धारा 353 के तहत दायर की गई है। राणा को रविवार को बांद्रा की एक अदालत में पेश किया गया। विशेष लोक अभियोजक प्रदीप घरात ने कहा कि मुंबई पुलिस एमपी-एमएलए दंपति की रिमांड मांग सकती है।
नवनीत राणा के पति रवि राणा ने कोर्ट पहुंचने पर "उद्धव ठाकरे मुर्दाबाद" के नारे लगाए। प्राथमिकी के बारे में बोलते हुए महाराष्ट्र के गृह मंत्री दिलीप वलसे पाटिल ने कहा, “हनुमान चालीसा के बहाने दंगे भड़काने के लिए दो घटनाएं हुई हैं, जिसके बाद आवश्यक कार्रवाई की गई है।"
लोकसभा सांसद नवनीत राणा और उनके पति और निर्दलीय विधायक रवि राणा ने महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे के आवास मातोश्री के बाहर हनुमान चालीसा का जाप करने की धमकी दी थी। हालांकि, उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुंबई यात्रा का हवाला देते हुए शनिवार को धरना समाप्त कर दिया था।
गौरतलब देर रात दोनों से मिलने खार पुलिस स्टेशन पहुंचे BJP नेता किरीट सोमैया की कार पर शिवसेना कार्यकर्ताओं ने पथराव कर दिया था। पुलिस स्टेशन से निकलते समय शिवसेना कार्यकर्ताओं ने उनकी कार पर पत्थर, बोतलें और चप्पलें भी फेंकीं थी। इस हमले में सोमैया की कार का कांच टूट गया और उनके चेहरे पर चोट लगने से खून बहने लगा था। वहीं सोमैया ने आरोप लगाया है उन पर जानलेवा हमले के बावजूद मामूली घटना की FIR दर्ज की गई है।
पता हो कि, राणा दंपती के खिलाफ मुंबई के खार पुलिस स्टेशन में IPC की धारा 153 A (धर्म, जाति या भाषा के आधार पर 2 समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने के लिए) के तहत मामला दर्ज किया गया है।