राणा दंपत्ति की जमानत पर सुनवाई 29 को...

Posted On:- 2022-04-24



मुंबई (वीएनएस)। महाराष्ट्र में हनुमान चालीसा पाठ मामले में बड़ी खबर सामने आ रही है। ताजा जानकारी के अनुसार अमरावती के सांसद नवनीत राणा और उनके विधायक पति रवि राणा को बांद्रा कोर्ट ने 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जमानत पर सुनवाई अब 29 अप्रैल को होगी।

बता दें कि बीते शनिवार को मातोश्री के बाहर हुनमान चालीसा का पाठ करने पर अड़ीं मुंबई के खार इलाके में अमरावती से सांसद नवनीत राणा और उनके पति रवि राणा को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।  रिमांड की कार्यवाही के दौरान नवनीत राणा और रवि राणा की ओर से अधिवक्ता रिजवान मर्चेंट पेश हुए। पुलिस ने सांसद नवनीत राणा और रवि राणा को धारा 153 A के तहत यानी धर्म के आधार पर दो समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने के मामले में गिरफ्तार किया था।

वहीं आज मुंबई पुलिस ने निर्दलीय सांसद नवनीत राणा और उनके पति एवं विधायक रवि राणा के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी में “सरकारी अधिकारी को कर्तव्य का निर्वहन करने से रोकने के लिए आपराधिक बल के इस्तेमाल” संबंधी धारा जोड़ी थी।

पता हो कि पुलिस ने यहां राणा दंपत्ति के आवास के बाहर शनिवार को प्रदर्शन करने के आरोप में शिवसेना के कई कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की है। मुंबई पुलिस ने शनिवार शाम निर्दलीय सांसद राणा और उनके पति रवि राणा को “अलग-अलग समूहों के बीच विद्वेष फैलाने” के आरोप में गिरफ्तार किया था।  खार पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि दंपत्ति को रात में सांताक्रूज पुलिस हवालात में भेजा गया था।

इससे पहले राणा दंपति के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा- 153 ए (अलग-अलग समुदायों के बीच धर्म, भाषा आदि के नाम पर विद्वेष उत्पन्न करना) और मुंबई पुलिस अधिनियम की धारा-135 (पुलिस द्वारा लागू निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने) का मामला दर्ज किया गया था।

बता दें कि इस महीने की शुरुआत में रवि राणा ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से अपने आवास पर हनुमान चालीसा का पाठ करने की मांग की थी। साथ ही, मुख्यमंत्री द्वारा ऐसा नहीं किए जाने पर घोषणा की थी कि वह शनिवार को मातोश्री के सामने हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे। राणा दंपत्ति ने बीते शुक्रवार को कहा था कि वे उपनगरीय बांद्रा में शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के निजी आवास ‘मातोश्री’ के बाहर शनिवार सुबह नौ बजे हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे।