मुख्यमंत्री ने चारामा में 183 करोड़ के विकास कार्यों लोकार्पण किया

Posted On:- 2022-04-24



कांकेर (वीएनएस)। प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रविवार को कांकेर जिले के तहसील मुख्यालय चारामा में आयोजित राजीव मितान क्लब सदस्य और महिला शक्ति सम्मेलन में शामिल हुए। इस अवसर पर उनके ने 183 करोड़ 6 लाख रूपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया, इनमें 64 करोड़ 22 लाख रूपये के 35 विकास कार्यों का भूमिपूजन तथा 118 करोड़ 84 लाख रूपये के 40 कार्यों का लोकार्पण शामिल हैं।

राजीव मितान क्लब सदस्य और महिला शक्ति सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि राज्य सरकार नागरिकों को सभी मूलभूत सुविधाएं- सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा इत्यादि मुहैया कराने के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। कुपोषण दूर करने के लिए बच्चों और माताओं को गर्म भोजन प्रदान किया जा रहा है। मुख्यमंत्री हाट-बाजार क्लिनिक योजना से हाट-बाजारों में मरीजों को उपचार मिल रहा है, इसकी शुरूआत बस्तर संभाग से हुई थी, जिसे पूरे राज्य में क्रियान्वित किया गया है। मलेरिया मुक्त बस्तर अभियान के भी सार्थक परिणाम मिले हैं, इससे उल्टी-दस्त, मलेरिया के प्रकरण में उल्लेखनीय कमी पाई गई है।

उन्होंने कहा कि नागरिकों को सस्ते दर पर ब्रान्डेड दवाई उपलब्ध कराने के लिए धन्वंतरी मेडिकल स्टोर्स खोला गया है। शिक्षा के क्षेत्र में भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सभी विकासखण्डों में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय खोले गये हैं, अब जिलों में उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय खोले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांकेर में मेडिकल कॉलेज की स्थापना बड़ी उपलब्धि है, यहां डॉक्टरों की कमी नहीं होने दी जायेगी।

मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि हमारी सरकार किसान हितैषी है, किसानों के कर्ज माफ किये गये, 25 सौ रूपये क्विंटल में धान की खरीदी की गई। कोदो-कुटकी के भी समर्थन मूल्य 3 हजार रूपये प्रति क्विंटल घोषित किये गये हैं। राजीव गांधी किसान न्याय योजनांतर्गत किसानों को लाभान्वित किया जा रहा है। गोधन न्याय योजना के तहत 2 रूपये किलो में गोबर की खरीदी की जा रही है, इस योजना को देश के अन्य राज्य भी अपना रहे हैं। उन्होंने कहा कि गोबर से वर्मी कम्पोस्ट बनाये जा रहे हैं, जो रासायनिक खाद का विकल्प बनेगा। उन्होंने कहा कि इस साल 20 लाख मीट्रिक टन वर्मी कम्पोस्ट तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि इन योजनाओं के क्रियान्वयन से छत्तीसगढ़ के किसान आर्थिक रूप से मजबूत हुए हैं। उन्हांने कहा कि राजीव मितान क्लब को प्रत्येक साल 1 लाख रूपये की सहायता प्रदान किया जा रहा है, इन क्लबों के माध्यम से खेलकूद, तीज-त्यौहार इत्यादि गतिविधियों का आयोजन कर संस्कृति के संरक्षण का कार्य किया जायेगा, क्लब को शासकीय योजनाओं और रोजगार से संबंधित जानकारी भी दी जायेगी।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कार्यक्रम में चारामा विकासखण्ड के ग्राम तारसगांव के ईश्वरी स्व-सहायता समूह और ग्राम उड़कुड़ा जोगी स्व-सहायता समूह को कचरा कलेक्शन और पृथककरण  के लिए ई-रिक्शा का चाबी सौंपा। नारी जागरण महिला स्व-सहायता समूह गोटीटोला और अन्नपूर्णा महिला स्व-सहायता समूह कुर्रूभाट को किराना व्यवसाय  के लिए 1-1 लाख रूपये का चेक प्रदान किया गया।

लखनपुरी को उप तहसील का दर्जा : चारामा में आयोजित राजीव मितान क्लब सदस्य और महिला शक्ति सम्मेलन में मुख्यमंत्री बघेल ने  चारामा तहसील के ग्राम लखनपुरी को उप तहसील का दर्जा प्रदान करने की घोषणा की गई। उनके ने  भानुप्रतापपुर, दुर्गूकोंदल और चारामा विकासखण्ड में कुल 14 नग खाद गोदाम भवन निर्माण के लिए 2 करोड़ 80 लाख रूपये तथा उक्त तीनों विकासखण्डों में 62 देवगुड़ी निर्माण के लिए 3 करोड़ 41 लाख रूपये और 24 घोटुल निर्माण के लिए 2 करोड़ 64 लाख रूपये, 25 रंगमंच निर्माण के लिए 01 करोड़ 25 लाख रूपये, 73 सामुदायिक भवन निर्माण  के लिए 3 करोड़ 65 लाख रूपये और चारामा के सरार तालाब का जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण के लिए 1 लाख रूपये तथा स्वामी आत्मानंद इग्लिश मीडियम स्कूल चारामा में सीसी सड़क, मंच और गेट निर्माण के लिए 34 लाख रूपये स्वीकृत करने की घोषणा किया।

 कार्यक्रम को छत्तीसगढ़ विधानसभा के उपाध्यक्ष मनोज मण्डावी ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार गांव, गरीब और किसानों के हित में कार्य कर रही है। यहां के संस्कृति के संरक्षण के लिए कार्य किये जा रहे हैं, नरवा, गरवा, घुरूवा, बाड़ी के माध्यम से ग्रामीणों को आर्थिक रूप से मजबूत करने का कार्य किया जा रहा है, साथ ही जल संरक्षण पर भी ध्यान दिया जा रहा है। आदिवासियों के संस्कृति के संरक्षण के लिए बस्तर संभाग में घोटुल और देवगुड़ी का निर्माण किया जा रहा है।

जिले के प्रभारी मंत्री श्रीमती अनिला भेड़िया ने कहा कि छत्तीसगढ़ में महिला, दीदी अच्छा कार्य कर रही हैं, सरकार ने  उन्हें स्व-रोजगार के लिए सहायता भी प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का हर व्यक्ति, युवा शिक्षित हों तथा शिक्षा ग्रहण कर काम का सृजन करें, ताकि आने वाली पीढ़ी को काम की कोई कमी न हो। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने  अनेक योजनाएं संचालित की जा रही है, जिसका लाभ लोगों को मिल रहा है। मुख्यमंत्री हाट-बाजार क्लिनिक योजना से घर के दरवाजे तक ईलाज की सुविधा पहुंच गई है। कांकेर जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना भी हुई है, जिसका लाभ क्षेत्रवासियों को मिलेगा।

कार्यक्रम को संसदीय सचिव और कांकेर विधायक शिशुपाल शोरी, अंतागढ़ विधायक अनूप नाग, गौ-सेवा आयोग के सदस्य नरेन्द्र यादव ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य नितिन पोटाई, जिला पंचायत के अध्यक्ष हेमंत धु्रव, सुकमा जिला पंचायत के अध्यक्ष   हरीश कवासी, बस्तर विकास प्राधिकरण के सदस्य बिरेश ठाकुर, जिला पंचायत के उपाध्यक्ष  हेमनारायण गजबल्ला, जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष श्रीमती सुभद्रा सलाम सहित जनप्रतिनिधिगण, आईजी बस्तर सुन्दरराज पी., डीआईजी बालाजी राव, कलेक्टर कांकेर चन्दन कुमार, पुलिस अधीक्षक  शलभ कुमार सिन्हा, अपर कलेक्टर  सुरेन्द्र प्रसाद वैद्य, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  सुमित अग्रवाल  सहित अधिकारी-कर्मचारी  और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद थे।