डेढ़ घंटे में 3 आतंकियों का खात्मा...

Posted On:- 2022-04-24



श्रीनगर (वीएनएस)। दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले के पाहू इलाके में रविवार की शाम सुरक्षाबलों ने डेढ़ घंटे की संक्षिप्त मुठभेड़ में तीन आतंकियों को मार गिराया। मुठभेड़ स्थल से सुरक्षाबलों ने दो एके सीरीज की राइफलें व एक पिस्टल बरामद की हैं। मारे गए दोनों आतंकियों की फिलहाल शिनाख्त नहीं हो सकी है। पिछले चार दिनों में कश्मीर घाटी में सुरक्षाबलों ने तीन अलग-अलग मुठभेड़ में नौ आतंकियों का काम तमाम कर दिया है।

पुलिस अधिकारी के अनुसार, सुरक्षाबलों को रविवार की शाम पुलवामा के पाहू इलाके में तीन आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान लगभग 4:20 बजे छिपे हुए आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए एक-एक कर तीनों आतंकियों को ढेर कर दिया।

सुरक्षाबल मारे गए आतंकियों की शिनाख्त व उनके संगठन की पहचान में जुट गए हैं। फिलहाल पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर लोगों को पूरी तरह सफाई होने तक मुठभेड़स्थल पर न जाने की सलाह दी है। पुलिस का कहना है कि मुठभेड़ स्थल पर कुछ विस्फोटक हो सकते हैं जिनसे लोगों को नुकसान पहुंचने का खतरा है।

इससे पहले 23 अप्रैल को कुलगाम में जैश के दो पाकिस्तानी दहशतगर्दों को मार गिराया गया था। 21 अप्रैल को बारामुला जिले में हुई मुठभेड़ में लश्कर सरगना यूसुफ कांटरू समेत चार दहशतगर्दों को मार गिराया गया था।

कांटरू पर कई हमले और नागरिकों की हत्या का मुकदमा दर्ज था। 24 अप्रैल को तीन आतंकियों के मारे जाने के साथ ही चार दिनों में नौ आतंकियों को ढेर करने में सुरक्षा बलों को सफलता मिली है।