मुख्यमंत्री ने की सेमरा सी पंचायत के विकास के लिए 20 लाख देने की घोषणा

Posted On:- 2022-04-24



धमतरी (वीएनएस)। मुख्यमंत्री ने रविवार को भखारा के निकट सेमरा (सिलौटी) में देवांगन समाज के 57वें अधिवेशन में जोरदार स्वागत किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मंच से कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश में देवांगन समाज के योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देवांगन समाज हमेशा से व्यापार-व्यवसाय के क्षेत्र में अग्रणी रहा है। समाज के बुजुर्गों ने सालों से जो सम्मान और नाम व्यापार और व्यवसाय के क्षेत्र में कमाया है, इसके लिए उन्हें महाजन कहकर सम्मानित किया जाता रहा है। जरूरी है कि उस मान सम्मान को आगे भी कायम रखा जाए। अधिवेशन में इस समाज के जिला स्तरीय कार्यक्रमों के लिए सामाजिक भवन की मांग के मद्देनजर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने समाज को धमतरी के भटगांव में दो एकड़ भूमि आवंटित करने की घोषणा की। साथ ही उक्त आबंटित भूमि में सामाजिक भवन को बनाने के लिए 25 लाख रुपए भी देने की भी घोषणा की। इस दौरान मंचीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने देवांगन समाज के साथ अन्य प्रदेशवासियों का भी आह्वान किया कि वे प्रदेश के विकास में भागीदार बनें

उन्होंने प्रदेश सरकार की पहल पर हर निगम क्षेत्र में बनाए जा रहे सी-मार्ट का जिक्र करते हुए आशा व्यक्त की कि इससे ग्रामीण हुनर, शिल्पकार, बुनकर, कुम्हार, महिला समूह ने तैयार उत्पाद को शहर के बाजार में जगह मिलेगी। इससे उन्हें प्रोत्साहन के साथ ही आर्थिक स्थिति बेहतर करने में भी सहयोग मिलेगा। मुख्यमंत्री  बघेल ने प्रदेश के विकास में व्यापार और व्यवसाय को बढ़ाने की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए आगे कहा कि पहले चरण में ग्रामीण औद्योगिक पार्क हर ब्लॉक के दो चिन्हांकित गौठानों में बनाए जा रहे। इसके पीछे भी मंशा है कि वहां कार्यरत महिला समूह हॉलर मिल, दाल मिल, घानी आदि के जरिए ग्रामीण उद्योग स्थापित कर आय का एक सशक्त जरिया विकसित कर लें।

गौरतलब है कि राज्य में महात्मा गांधी ग्रामीण औद्योगिक पार्क के लिए इस साल 600 करोड़ का बजट प्रावधानित किया गया है। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने हर्ष व्यक्त किया कि देवांगन समाज का नाम राष्ट्र और राज्य में रोशन करने वाले लोगों को आज अधिवेशन में सम्मानित किया जा रहा है। उन्होंने साथ ही सेमरा सी पंचायत के विकास के लिए सरपंच को 20 लाख रुपए देने की घोषणा भी की।  इस मौके पर धमतरी नगर निगम महापौर  विजय देवांगन ने स्वागत भाषण देते हुए बताया कि में देवांगन समाज के 57वें अधिवेशन का संक्षिप्त परिचय दिया। साथ ही हाल ही में प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में सभी नगरीय निकायों में शुरू की गई मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना, राजीव युवा मितान क्लब, पुरानी पेंशन योजना बहाली आदि का उल्लेख किया। उन्होंने प्रदेश के मुखिया का सब की ओर से जनहितकारी निर्णय लेते हुए योजनाएं संचालित करने के लिए साधुवाद भी किया। कार्यक्रम में सामाजिक प्रतिवेदन  भोलानाथ देवांगन ने पठन किया। अंत में आभार प्रदर्शन समाज के संरक्षक दऊवालाल देवांगन ने किया।

समाज के प्रतिभाशाली युवक-युवती हुए सम्मानित : इस अवसर पर मुख्यमंत्री  भूपेश बघेल ने देवांगन समाज के प्रतिभाशाली युवक युवतियों को प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में  आशीष देवांगन, कमिश्नर नगर निगम रिसाली भिलाई, शिशुरोग विशेषज्ञ डॉ. अखिलेश देवांगन, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट अंपायर और उद्घोषक  हरीश देवांगन, ब्लड डोनर  विजेंद्र देवांगन, महाविद्यालय में सहायक प्राध्यापक सु दिव्या देवांगन शामिल थीं।

इस अवसर पर सिहावा विधायक डॉ. लक्ष्मी ध्रुव, राज्य खनिज विकास निगम के अध्यक्ष  गिरीश देवांगन, नगर पंचायत कुरूद के अध्यक्ष  तपन चंद्राकर, वरिष्ठ नागरिक  शरद लोहाणा,  मोहन लालवानी, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती तारिणी चंद्राकर, पूर्व विधायक कुरूद  लेखराम साहू, पूर्व विधायक धमतरी  हर्षद मेहता, देवांगन समाज के जिलाध्यक्ष  भोलानाथ देवांगन, महापौर नगर निगम बीरगांव  नंदलाल देवांगन सहित कलेक्टर  पी एस एल्मा, एसपी  प्रशांत ठाकुर, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती प्रियंका महोबिया, अन्य अधिकारी सहित देवांगन समाज के लोग, मीडिया प्रतिनिधि और आमजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।