महासमुंद (वीएनएस)। जिले में पिछले कई सालों से लगातार आदिवासियों, सरकारी जमीन की गैरकानूनी तरिके से खरीद फरोख्त हो रही है। आधिकारियों की मिली भगत से जमीन दलालों और गैरकानूनी तरीके से चारसौबीसी कर जमीन बेचने वालों के हौसले बुलंद है। महासमुन्द जिले में डाक्टर, इंजिनियर, वकील, शिक्षक ठगे गये है। लाखों रुपए का चूना लगने के बावजूद कोर्ट-कचहरी के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। ऐसा ही एक ताजा मामला बागबाहरा तहसील के पचेड़ा निवासी झामूराम पटेल का सामने आया है। जिसने अपनी पैतृक सम्पत्ती बेच कर 29 लाख 4 हजार 750 रुपए में आदिवासी की जमीन ले ली। मामले का खुलासा तब हुई जब जमीन की रजिस्ट्री हो गई। अपने राशि वापस लेने के लिए झामूराम पटेल कलेक्टर, एसडीएम, के दफ्तरों के चक्कर काट रहा है।
हम आपको बता दें कि बागबाहरा तहसील के ग्राम पचेड़ा निवासी झामूराम पटेल ने लखनलाल साहू ग्राम सिडगिड़ी निवासी जिला महासमुन्द से 3 एकड़ 55 डिसमिल जमीन खसरा नम्बर 474 को 29 लाख 4 हजार 750 रुपए में खरीदी। लखनलाल साहू ने बड़ी चालाकी से राजस्व विभाग के साथ मिल कर फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन बेच दी। जिसकी रजिस्ट्री 17 फरवरी 2021 को महासमुन्द के रजिस्ट्रार कार्यालय हो गई। रजिस्ट्री होने के बाद झामूराम को जानकारी मिली की यह जमीन विवादित है और किसी आदिवासी के नाम पर है। जिसका प्रकरण अनूसूचित जनजाति आयोग छत्तीसगढ़ शासन रायपुर में चल रहा है।
हम आपको जानकारी दें दे कि 1929-30 के मिसल रिकार्ड में यह जमीन चैनूराम धु्रव के नाम से थी, जिसमें छेड़छाड़ कर अधिकारियों से साठ गांठ कर लखनलाल साहू ने जमीन अपने नाम में करावाई और बेच दिया। मामले की शिकायत झामूराम पटेल ने कलेक्टर, एसपी,तहसीलदार, मुख्यमंत्री तक से कर ली है लेकिन झामूराम पटेल को न्याय नहीं मिल रहा है। झामूराम पटेल और उसका परिवार न्याय नहीं मिलने पर आंदोलन करने की बात कह रहे हैं।
मामले में छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री ताम्रध्वज साहू से मामले पर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा जिले में जमीन की खरीद फरोख्त गलत तरिके से हो रही है इसकी जानकारी उन्हें नहीं। अधिकारियों से बातचीत करूंगा। वहीं राजस्व अधिकारियों का कहना है कि रजिस्ट्री कराने से पहले क्रेता का सारे कागजातों की जांच कर लेनी चाहिए थी। अब खरीदी बिक्री हो गई है। क्रेता को अपनी राशि विक्रेता से वापस लेने के लिए कोर्ट जाना चाहिए। हम इस पर कुछ नहीं कर सकते।