मुंबई (वीएनएस)। राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने एक वीडियो संदेश के माध्यम से 95वें अखिल भारतीय मराठी साहित्य सम्मेलन में भाग लिया और कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।राष्ट्रपति ने कहा कि समानता और वीरता महाराष्ट्र की पहचान है। 17वीं शताब्दी में वीरता और ज्ञान की धारा प्रवाहित कर छत्रपति शिवाजी महाराज, समर्थ गुरु रामदास और संत तुकाराम ने मराठी पहचान और साहित्य को असाधारण वैभव से संपन्न किया जिसने भारत में एक नया स्वाभिमान पैदा किया।
इस तथ्य की ओर इशारा करते हुए कि महाराष्ट्र एजुकेशन सोसाइटी का महाराष्ट्र उदयगिरि महाविद्यालय इस वर्ष अपनी हीरक जयंती मना रहा है, राष्ट्रपति ने पिछले साठ वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर योगदान देने के लिए कॉलेज की पूरी टीम को बधाई दी। यह उल्लेख करते हुए कि कॉलेज की स्थापना उदगीर क्षेत्र के किसानों और व्यापारियों ने अपनी मेहनत की कमाई से की है, उन्होंने कहा कि आम नागरिकों के ऐसे असाधारण योगदान से ही समाज और राष्ट्र की प्रगति होती है। उन्होंने कहा कि हमें इस अवसर पर संस्थापकों के योगदान को कृतज्ञतापूर्वक याद करना चाहिए।
महात्मा ज्योतिबा फुले और डॉ बीआर आंबेडकर के साहित्यिक योगदान को याद करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले ने 'गुलामगिरी' और 'तृतीय रत्न' जैसी क्रांतिकारी पुस्तकें लिखीं। नाटक 'तृतीय रत्न' को सामाजिक रंगमंच की एक महत्वपूर्ण कृति माना जाता है। बाबासाहेब आंबेडकर ने 'बहिष्कृत भारत' और 'मूकनायक' जैसे अपने प्रकाशनों के माध्यम से महाराष्ट्र के साथ-साथ पूरे देश की सोच को आधुनिकता और समानता के आदर्शों से समृद्ध किया। उस समतावादी विचारधारा और भावना पर, वंचित वर्गों के प्रतिभाशाली लेखकों ने आधुनिक युग में मराठी में साहित्य की रचना की है जिसे दलित साहित्य कहा जाता है।