बड़ी खबर : कलेक्टर का सुस्त रवैय्या, नायब तहसीलदार नहीं हुए कार्य मुक्त तब भी नहीं की एकतरफा कार्रवाई...

Posted On:- 2022-04-25



रायपुर (वीएनएस)। छत्तीसगढ़ में अफसर शाही इन दिनों इतनी हावी हो गई है कि, राज्य सरकार के आदेश की अफसर लगातार धज्जियां उड़ा रहे हैं। 17 मार्च को राज्य के राजस्व विभाग ने एक आदेश जारी कर नायब तहसीलदारों को नई पदस्थापना दी थी। आदेश में स्पष्ट उल्लेख है कि यदि 15 दिवस के भीतर पदभार ग्रहण नहीं किया जाता तो सम्बंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। आदेश के अनुसार रायपुर के नायब तहसीलदार रवि विश्वकर्मा को दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा पदाथ किया गया है।

बता दें कि राज्यपाल के नाम से छत्तीसगढ़ के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अवर सचिव शत्रुहन यादव के हस्ताक्षर से जारी आदेश पर न तो नायब तहसीलदार रवि विश्वकर्मा ने अमल किया और न ही रायपुर कलेक्टर सौरभ कुमार ने। रायपुर कलेक्टर सौरभ कुमार और नायब तहसीलदार रवि विश्वकर्मा ने आदेश की कंडिका 2 का सरेआम उल्लंघन किया है।

उल्लेखनीय है कि, शत्रुहन यादव के हस्ताक्षर से जारी आदेश के अनुसार 17 मार्च को राज्य के 5 नायब तहसीलदारों को प्रशासनिक दृष्टिकोण से नई पदस्थापना दी जाती है। इस आदेश पर स्पष्ट उल्लेख किया जाता है कि सभी अधिकारियों को 15 दिवस के भीतर कार्यभार ग्रहण करना है। यदि किसी कारणवश पदभार ग्रहण नहीं किया जा सकता तो शासन स्तर से एक तरफा भार मुक्त माना जाएगा। ऐसी परिस्थिति में वर्तमान स्थान से वेतन का भुगतान नहीं किया जाएगा। साथ ही नियंत्रण अधिकारी पर भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, लेकिन रायपुर कलेक्टर सौरभ कुमार ने न तो नायब तहसीलदार रवि विश्वकर्मा को कार्यमुक्त किया और न ही रवि विश्वकर्मा ने नई पदस्थापना दक्षिण बस्तर दांतेवाड़ा में कार्यभार ग्रहण किया। इस प्रकार दोनों अधिकारियों ने राज्यपाल के नाम से जारी आदेश की अव्हेलना की। अब आने वाले दिनों में शासन के आदेश के अनुसार नियंत्रण अधिकारी कलेक्टर सौरभ कुमार पर कड़ी कार्रवाई और नायब तहसीलदार रवि विश्वकर्मा का वेतन भुगतान रोकने की कार्रवाई  के साथ एलडब्लूपी का इंद्राज सेवा पुस्तिका में हो सके, जिससे अधिकारी पर कार्रवाई हो।