रायपुर (वीएनएस)। राजधानी रायपुर में आज नेता जी सुभाष स्टेडियम कॉम्पलेक्स में जिले का पहला सी-मार्ट स्टोर शुरू हो गया। महुए से बनी कुकीज, महुए के स्केवैश, बेल का शरबत, आयुर्वेदिक जड़ी-बुटियो से लेकर हर्बल साबून, बड़ी, पापड़ मसाले और छत्तीसगढ़ी हस्तशिल्प उत्पाद इस सी-मार्ट में लोंगो को बाजिव दामों पर मिलेंगे। आज नगर निगम के महापौर एजाज ढेबर और सभापति प्रमोद दुबे ने जिले के पहले सी-मार्ट स्टोर का शुभारंभ किया। इसके साथ ही पहले ग्राहक के रूप में दोनों ने महिला स्व सहायता समूहों द्वारा बनाए गए लगभग 50 हजार रूपये के आकर्षक हस्तशिल्प, हर्बल साबून और स्थानीय खाद्य सामग्री भी खरीदी। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं रायपुर स्मार्ट सिटी के एम.डी. मयंक चतुर्वेदी सहित स्व-सहायता समूह की महिलाएं भी मौजूद रही। किसी आधुनिक सुपर मार्केट की तर्ज पर इस सी- मार्ट स्टोर का संचालन भी पुरी तरह से स्व सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा ही किया जा रहा है।