महासमुंद (वीएनएस)। बहुप्रतीक्षित महासमुंद तुमगांव रोड के रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण कार्य अंतिम स्तर पर पहुंच चुका है। कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर ने ब्रिज जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए है। आम जनता का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। जल्द ही उन्हें ट्रैफिक से निजात मिलेगी। हाल ही में महासमुंद प्रवास पर आए गृह व प्रभारी मंत्री ताम्रध्वज साहू ने भी इस काम को पूरा करने निर्देशित किया था। वतर्मान में ओवर ब्रिज के निर्माण में आने वाली सभी बाधाओं को पिछले हफ्ते ही दूर कर लिया गया है। सेतु निर्माण विभाग की ओर से तीव्र गति से निर्माण कार्य किया जा रहा है। संसदीय सचिव व विधायक विनोद चंद्राकर ने इस कार्य को जल्द से जल्द पूर्ण करने कहा है।
एसडीएम भागवत जायसवाल ने बताया कि कुछ प्रकरण काफी लंबे समय से कुछ पारिवारिक व वित्तीय विवाद के कारण लंबित था। उपरोक्त में उभय पक्षों को सुनवाई करते हुए उनकी आर्थिक हितों को और शासन के नियमों को ध्यान में रखते हुए आपसी सहमति नियमो के तहत शीघ्र निपटान करते हुए भू अर्जन की राशि जारी की जा चुकी है। रेलवे सेतु के बन जाने से शहर वासियों को लगातार लगने वाले ट्रेफिक जाम व आने जाने में होने वाली दिक्कतों से छुटकारा मिल जाएगा। रेलवे ओवर ब्रिज का तुमगांव की ओर और महासमुंद की और तक का लगभग काम पूरा हो गया है। इसके साथ रेलवे ओवरब्रिज में गर्डर डालकर स्लैब निर्माण का कार्य हो गया है। तुमगांव साइड की ओर होने वाला गर्डर स्लैब का निर्माण पूर्ण हो चुका है। इसी तरह महासमुंद शहर की ओर रिटर्न वॉल का निर्माण कार्य किया जा रहा है।
कलेक्टर ने रेलवे ओवरब्रिज की अंतिम दौर की सभी प्रक्रियाओं को तय नियमानुसार निराकरण करने के निर्देश दिए। ताकि जल्द से जल्द जिले की जनता खासकर तुमगाँव की ओर से और महासमुंद की ओर से रोज आने-जाने वाली जनता को सरल,सुगम मार्ग मिले। वतर्मान में रेलवे फाटक बंद के कारण जाम की स्थित बन जाती है। रेलवे ओवरब्रिज बन जाने से उन्हें इससे निजात मिलेगी और समय की भी बचत होगी। इसलिए इस निर्माण संबंधी कार्य को जल्द निपटाए।