जिला स्वच्छ भारत मिशन प्रबंधन समिति की बैठक

Posted On:- 2022-04-25



कांकेर (वीएनएस)। जैव चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन व निपटान तथा नेशनल ग्रीन ट्रीब्यूनल समिति की बैठक जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर चन्दन कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन प्रबंधन समिति की बैठक में सूखा व गीला कचरा के अपशिष्ट प्रबंधन करने के लिए नगरीय निकाय के अधिकारियों को निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि साप्ताहिक बाजारों में सब्जी या अन्य सामग्री खरीदने के लिए प्लास्टिक थैली का उपयोग न करें, बल्कि कपड़े का थैले का उपयोग करें और इसका उपयोग करने के लिए लोगों को भी प्रेरित करें। नगरीय निकाय क्षेत्र में सामुदायिक शौचालय निर्माण प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने नये पात्र परिवारों में शौचालय निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिये।

कलेक्टर चन्दन कुमार ने स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2022-23 के वार्षिक कार्य योजना में लक्षित कार्यों की भौतिक सत्यापन की जानकारी देने के निर्देश नगरीय निकाय के अधिकारियों को दिये। उनके द्वारा जिले में नये पात्र परिवारों में शौचालय निर्माण, सामुदायिक शौचालय निर्माण, सिंगल पिट शौचालयों में दो गड्ढे वाले निर्माण, ठोस व तरल अपशिष्ट प्रबंधन और प्लास्टिक वेस्ट यूनिट, गोवरधन परियोजनांतर्गत बायोगैस संयत्र स्थापना, फीकल स्लज मैनेजमेंट तथा ओ.डी.एफ. प्लस गांव बनाने इत्यादि विषय पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कायर्पालन अधिकारी सुमित अग्रवाल, मुख्य चिकित्सा व स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जे.एल. उईके, सिविल सर्जन डॉ. आर.सी. ठाकुर, जनपद सीईओ पी.के. गुप्ता, कोयलीबेड़ा आशीष डे सहित नगरीय निकाय के अधिकारी मौजूद थे।