केसीसी बनाने, निष्क्रिय कार्डों का सत्यापन कार्य शुरू

Posted On:- 2022-04-25



रायपुर (वीएनएस)। किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड बनाने और निष्क्रिय कार्डों को फिर से सक्रिय करने के लिए केवायसी सत्यापन का काम जिले में सोमवार से शुरू हो गया है। किसान भागीदारी-प्राथमिकता हमारी अभियान के तहत रायपुर जिले के सभी 126 सहकारी समितियों में विशेष शिविर आयोजित कर किसानों के लिए कार्ड बनाने और ई-केवायसी सत्यापन का काम किया जा रहा है।  सोमवार को जिले के 28 समितियों में विशेष शिविर लगाये गये, जहां लगभग एक हजार किसानों ने किसान क्रेडिट कार्ड बनाने के लिए अपने आवेदन भरे। इस दौरान लोक सेवा केन्दों के संचालकों ने लगभग साढ़े आठ सौ किसानों के खातों का ई-केवायसी सत्यापन भी किया।

कृषि विभाग के उप संचालक आर.के. कश्यप ने बताया कि  सोमवार को एक साथ धरसीवां और अभनपुर विकासखण्ड में 6-6, आरंग और तिल्दा विकासखण्ड में 8-8 समितियों में विशेष शिविर लगाये गये। इन विशेष शिविरों में कृषि, उद्यानिकी, मछलीपालन, पशुधन विकास विभाग के अधिकारियों सहित राष्ट्रीयकृत बैंकों के अधिकारी, पटवारी और पंचायत सचिव भी मौजूद रहे। शिविर में अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की शासकीय योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ लेने के तरीकों की विस्तृत जानकारी किसानों को दी। शिविर में फसल बीमा कराने की प्रक्रिया और उससे होने वाले फायदों को भी किसानों को बताया गया। उप संचालक ने बताया कि पी.एम. किसान योजना के तहत लाभान्वित होने वाले किसानों के निष्क्रिय किसान क्रेडिट कार्डों को सक्रिय करने के लिए सूची भी तैयार की जा रही है। इसके साथ ही जिन किसानों के कार्ड अब तक नहीं बनें है उन्हें चिन्हांकित कर प्राथमिकता से कार्ड बनाने के लिए आवेदन भरवाये जा रहें है। उप संचालक कश्यप ने बताया कि एक मई तक जिले के सभी सहकारी समितियों में ऐसे विशेष शिविर लगाये जायेंगे।