है कोई जो दे इससे ज्यादा पैसा

Posted On:- 2022-04-26



कांग्रेस के मुख्यमंत्रियों मेंं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ही ऐसे ही मुख्यमंत्री हैं,जो राज्य की राजनीति में विपक्ष से बढ़त बनाए रखते हैं।हमेशा विपक्ष से आगे रहते हैं, हमेशा विपक्ष को चुनौती देते रहते हैं कि आओ करो मुकाबला। किसी चुनाव में हराकर तो दिखाओ।भाजपा लोकसभा चुनाव को छोड़कर किसी चुनाव में कांग्रेस को हरा नहीं सकी है।चुनाव के दौरान ऐसा लगता जरूर है कि भाजपा मुकाबला कर रही है लेकिन जब चुनाव का रिजल्ट आता है तो पता चलता है कि भाजपा तो मुकाबले में ही नहीं है। हाल के खैरागढ़ चुनाव में भी ऐसा ही हुआ। भूपेश बघेल ने खैरागढ़ को जिला बनाने का वादा कर भाजपा से जो बढ़त बनाई, भाजपा उसका आखिरी तक मुकाबला नहीं कर पाई। उसके पास इस दांव का कोई काट ही नहीं था।भूपेश बघेल का दांव ही ऐसा रहता है कि भाजपा उसकी काट के लिए कोई दांव तक नहीं चल पाती है, हार जाती है। पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा इसलिए हारी कि उसने 2100 में धान खरीदने का वादा पूरा नहीं किया। वह यह वादा पूरा कर चुनाव जीत सकती थी लेकिन वह ऐसा कर नहीं सकी। भूपेश बघेल 2500 में धान खरीदने का वादा कर चुनाव जीत लिया। छत्तीसगढ़ की राजनीति में पार्टियों की हार-जीत में किसानों की भूमिका अहम होती है। रमन सिंह तीन चुनाव इसलिए जीते, उनसे किसान खुश थे।उनसे किसानों का मोहभंग तब हुआ जब वह किसानों को धान की कीमत ज्यादा नहीं दे सके तथा भूपेश बघेल ने ज्यादा कीमत देने का वादा किया। यहां से भूपेश बघेल ने जो बढत बनाई है, वह अब तक रमन सिंह व भाजपा से आगे हैं तथा भविष्य में भी उन्होंने आगे रहने का संकेत यह कहकर दिया है कि अब छत्तीसगढ़ सरकार भविष्य में 2800 रुपए में धान खरीदेगी। ऐसा कहकर भूपेश सरकार ने भाजपा को एक तरह से चुनौती दी है कि है हिम्मत तो इससे ज्यादा में धान खरीदकर दिखाओ। भूपेश बघेल जानते हैं कि देश में कोई भी सरकार अपने राज्य में 2500 में धान नहीं खरीद रही है तो कोई 2800 में खरीदने की सोच भी नहीं सकता। केंद्र सरकार तो हर साल धान का समर्थन मूल्य बढ़ाती है। इससे उसे देश के तमाम राज्यो के किसानों का वोट तो मिलता है लेकिन छत्तीसगढ़ में किसानों का वोट मिलने की उम्मीद नहीं है क्योंकि यहा भूपेश बघेल एक बार में ही पांच साल के लिए धान की कीमत तय कर देते हैं । पिछली बार पांच साल के लिए उन्होंने 2500 रुपए देने का वादा किया और पांच साल तक दिया भी। अब अगले पांच साल के लिए उन्होंने संकेत दे दिया है कि वह धान का 2800 रुपए देंगे। मतलब छत्तीसगढ़ की राजनीति में निर्णायक भूमिका निबाहने वाले किसानों के वोट तो पक्के हो गए। इसी तरह गोधन न्याय योजना,मजदूर न्याय योजना में लोगों को पैसे व रोजगार देकर कांग्रेस के वोट पक्के किेए हैं। बिजली हाफ योजना से भी उनका राजनीतिक रूप से फायदा होगा। क्योंकि राज्य के लोगों को बिजली बिल हाफ योजना से लाभ तो हो रहा है। यह दूसरे राज्यों की फ्री बिजली योजना से ज्यादा अच्छी योजना है क्योंकि इससे सरकार को जितना आर्थिक नुकसान होता है, उससे ज्यादा राजनीतिक फायदा होगा।भूपेश बघेल की राजनीति का मुकाबला वही कर सकता है जो उनसे ज्यादा पैसे जनता की जेब में डालने की हिम्मत कर सके। फिलहाल तो भाजपा ऐसा करने की सोच भी नहीं रही है।