सरगुजा रेंज आईजी यादव ने ली अपराध समीक्षा बैठक

Posted On:- 2022-04-26



अम्बिकापुर (वीएनएस)। सरहजा रेंज पुलिस महानिरीक्षक अजय कुमार यादव ने रेंज अंतर्गत पुलिस अधीक्षकों की अपराध समीक्षा बैठक ली । बैठक में पुलिस अधीक्षक सरगुजा अमित तुकाराम कांबले, सूरजपुर राजेश अग्रवाल, बलरामपुर रामकृष्ण साहु, कोरिया प्रफुल्ल कुमार ठाकुर उपस्थित थे। आईजी यादव ने जिलों की अपराध एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए विभिन्न बिन्दुओं पर कार्यवाही संबंधी निर्देश दिये।

मुख्यमंत्री का 4 मई से विधानसभा क्षेत्रों के दौरे/भ्रमण कार्यक्रम तथा उनकी सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए आवश्यक बिन्दुओ पर विशेष चर्चा की गई। चर्चा के दौरान जिलों में तैनात पुलिस अधिकारी/कर्मचारियों की तैनाती, जिलो में उपलब्ध संसाधन, सुरक्षा व्यवस्था में उपयोग होने वाले उपकरणों के बारे में विस्तृत चर्चा करते हुए सुरक्षा संबधी आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

आईजी यादव ने इस बात पर विशेष बल दिया गया कि गंभीर किस्म के प्रकरणों में सतत विवेचना करते हुए यथाशीघ्र विधिसम्मत निराकरण किया जाए, प्रकरण लंबी अवधि तक विवेचना में लंबित न रहे। महिला संबंधी मामलों में तत्काल संज्ञान लेकर विधिसम्मत कार्यवाही किये जाने निर्देश दिये गये साथ ही इस बात पर विशेष बल दिया गया कि जिलों मे महिलाओं व बच्चों से संबंधित प्रकरणों में त्वरित कार्यवाही करते हुए समय-सीमा के भीतर त्वरित निराकरण किया जावे।

पुलिस महानिरीक्षक द्वारा निर्देशित किया गया कि अनियमित वित्तीय कंपनियों के विरूद्ध दर्ज प्रकरणों में अंतरिम कुर्की, अंतिम कुर्की, नीलामी तथा निवेशकों की धन वापसी की प्रतिदिन समीक्षा पुलिस अधीक्षकों के द्वारा स्वयं की जावे। अनियमित वित्तीय कंपनियों की राज्य एवं राज्य से बाहर स्थित अचल संपत्तियों के चिन्हांकन एवं उनकी कुर्की की कार्यवाही शीघ्र करावें तथा प्रकरणों के फरार आरोपियों की पता तलाश हेतु विशेष टीम गठित कर उनकी गिरफ्तारी कराई जावे।

आईजी ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए विशेष प्रयास किये जाने की आवश्यकता पर बल देते हुए दुर्घटना के प्रकरणों पीड़ितों को राहत राशि सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराये जाने हेतु थाना स्तर पर ही सहायक उप निरीक्षक स्तर के अधिकारी को नोडल अधिकारी के रूप में नामांकित किये जाने निर्देशित किया। ताकि पीड़ितों को अनावश्यक परेशान न होना पड़े एवं उन्हें शासन स्तर से मिलने वाली राहत राशि शीघ्र उपलब्ध हो सके।

आईजी यादव ने रेंज के सभी पुलिस अधीक्षको को निर्देश दिए कि वर्तमान में पड़ रही भीषण गर्मी तेज धूप में ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवानों को इलेक्ट्रॉल पाउडर और पेयजल की व्यवस्था जवानों को मुहैया कराने के निर्देश दिए।