कोण्डागांव (वीएनएस)। आज जिले के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर की ओर से शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं के अलावा जलजीवन मिशन, आंगनबाड़ी भवन निर्माण व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की नियुक्ति, कोविड वैक्सीकरण व गोठानों की अद्यतन स्थिति के संबंध में अधिकारियों से जानकारी चाही गई।
इस क्रम में सर्वप्रथम कलेक्टर ने मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कोण्डागांव प्रवास की जानकारी देते हुए विभागों से लोकार्पण व भूमिपूजन की सूची उपलब्ध कराने, विगत तीन साल की उपलब्धियों और क्रियान्वयन तथा फोटोग्राफ तैयार रखने व वितरण सामग्री तथा वनाधिकार प्रकरणों के निराकरण त्वरित करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिये।
उन्होंने यह भी बताया कि अपने प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विभागों की समीक्षा बैठक के अलावा समाज प्रमुखों से भी मिलेंगे। जिले में जलजीवन मिशन की वतर्मान प्रगति के संबंध में बताया गया कि जिले के 576 ग्रामों में से 402 ग्रामों में डीपीआर तैयार कराने के अलावा 313 ग्रामों को पूर्ण प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हो गई है। इसी प्रकार कोविड वैक्सीकरण के तहत् 497848 लक्ष्य के विरूद्ध 480453 लोगों को प्रथम डोज तथा 401358 को द्वितीय डोज एवं प्रीकॉशन डोज के तहत 4469 डोज मिल चुका है। इसी प्रकार हाट-बाजार क्लीनिक के तहत् 01 से 04 अप्रैल के मध्य कुल 60 गांवों में से 55 हाट-बाजार को कव्हर किया गया। जिसके लिए 11 गाड़ियां तैनात की गई थी और कुल 3406 मरीजों की जांच की गई। इसके अलावा शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के तहत् तीनों नगर निकायों में कैम्प लगाये गये थे। जहां इन कैम्पों में कुल मरीजों की संख्या 1000 रही साथ ही लैब टेस्ट लाभांवितों की संख्या 235 व दावा वितरण से लाभांवित मरीज 569 रहे।
समय-सीमा बैठक में महिला बाल विकास विभाग की ओर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाओं के रिक्त पदों के संबंध में जानकारी दिया गया कि इन पदों के लिए जिले की आठ परियोजना में 133 पद रिक्त है। इस संबंध में विभाग की ओर से विभागीय औपचारिकताएं पूर्ण की जा रही है। कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिया कि आंगनबाड़ी केन्द्रों में कुपोषण से बचाव केलिए बच्चों के लिए रागी का हलवा वितरण कराने के उद्देश्य से संबंधित विभाग समन्वय कर कार्ययोजना बनाये। इसके साथ ही बैठक में गोठान रोकाछेका अभियान, गोठान, संवेदना, नरेगा, रोजगार मिशन जैसे समय-सीमा की बैठक में सूचीबद्ध एजेण्डेके विषय में नवीन निर्देश कलेक्टर द्वारा दिये गये। इस दौरान वनमण्डलाधिकारी केशकाल राजेश जांगड़े, सीईओ जिला पंचायत प्रेमप्रकाश शर्मा तथा सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।