जनदर्शन में मिले 31 आवेदन, दिव्यांग प्रभुलाल को शाला में पुन: मिलेगी नियुक्ति

Posted On:- 2022-04-26



कोण्डागांव (वीएनएस)। जिला कार्यालय के सभागार में आज आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर मीणा ने विभिन्न विकासखण्डों से आये ग्रामीणों की मांगों और शिकायतों को सुना। प्राप्त आवेदनों में राशन कार्ड, बांध मरम्मत, हैण्डपम्प प्रदाय, नजूल भूमि पट्टा, सड़क निर्माण, जमीन विवाद जैसे आवेदन प्रमुख थे और कुल आवेदनों की संख्या 31 रही।

जनदर्शन में आज ग्राम मंगवाल के ग्रामीणों की एक बड़ी मांग पूरी की गई। ग्रामीणों ने कलेक्टर को बताया कि ग्राम पदनार से मंगवाल तक (04 किमी) सड़क ही नहीं है और यहां दोपहिया वाहन के अलावा और कोई वाहन नहीं जा पाता, इससे ग्रामीणों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। इसपर कलेक्टर ने त्वरित कायर्वाही करते हुए जनपद पंचायत सीईओ को अगले दो दिनों के अंदर सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिये। इसी प्रकार ग्राम पंचायत कुम्हारपारा बुनागांव के कमलू देवांगन ने बताया कि चूंकि वह एक निर्धन किसान है, अत: अपने खेत में तालाब निर्माण कर मछलीपालन व्यवसाय शुरू करना चाहता है। अत: मत्स्य विभाग की योजनाओं से लाभांवित किया जाये। इस आवेदन पर कलेक्टर ने मत्स्य विभाग के अधिकारी को तलब करते हुए प्रार्थी को मार्गदर्शन देने के निर्देश दिये। इसी प्रकार ग्राम बरकई के दिव्यांग प्रभुलाल ने शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बरकई में भृत्य पद पर पुन: नियुक्ति की गुहार लगाई। जहां कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को उसे कलेक्टर दर पर फिर से नियुक्त करने के निर्देश दिये।

इस क्रम में ग्राम मोदे के ग्रामीणों ने टूटे बांध की मरम्मत, ग्राम रांधना के लखनलाल मरकाम तथा निलजी के वासुराम नेताम ने हैंडपम्प प्रदाय, ग्राम घोड़ागांव के बालसिंग बघेल सहित अन्य ग्रामीणों ने ग्राम घोड़ागांव के थानवाही पारा तक 07 किमी अधूरे सड़क को पूर्ण करने, जामकोट पारा की वेंकट रमन्ना ने नजूल भूमि पट्टा, लिहागांव के मां संतोषी मत्स्य पालन सहकारी समिति के सदस्यों ने बचत सह योजना से लाभांवित कराने, ग्राम पदनार के रामपत ने घरेलु बिजली कनेक्शन लगाने, बड़ेडोंगर की बुधनी बाई ने वनाधिकार पट्टा की मांग, आड़काछेपड़ा पारा की शिवकुमारी, बीना, कुंती, अनिता ने राशन कार्ड बाबत, ग्राम सुरडिही के सरपंच ने सोलर पैनल की स्थापना, अड़ेंगा की मीरा धु्रव ने स्टॉप डैम पुलिया, सरगीपाल पारा के मयाराम नाग और करंजी के रामचंद्र नेताम ने जमीन विवाद को हल करने, ग्राम गिरोला के पुरन पांडे ने भूमि के सीमांकन, ग्राम आमगांव के सरपंच ने आरसीसी पुलिया निर्माण तथा गोधन न्याय योजना के तहत वर्मी खाद की पूर्ति कर रही महिला समूहों ने विभागों की ओर से राशि भुगतान में देरी संबंधी आवेदन जनदर्शन में प्रस्तुत किये।

यहां कलेक्टर ने गंभीरता से सभी आवेदकों की मांग और शिकायतों को सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रभावी कायर्वाही करने के निर्देश दिये। इस दौरान वनमण्डलाधिकारी केशकाल राजेश जांगड़े, सीईओ जिला पंचायत प्रेमप्रकाश शर्मा तथा सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।