जगदलपुर (वीएनएस)। भारत सरकार के संरक्षित वन्य जीव की सूची में शामिल पैंगोलिन की तस्करी करने वाले 3 तस्करों को वन विभाग की टीम ने गिरफ्तार किया है। वहीं 13 आरोपी तस्कर फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। दरअसल ओडिशा सीमा से लगे कोलावल इलाके में विलुप्त प्रजाति पैंगोलिन के तस्करी करने की सूचना वन विभाग को मुखबिर से मिली थी।
जिसके बाद वन विभाग ने 2 टीम का गठन कर कार्रवाई के लिए रवाना किया। कड़ी मशक्कत करते हुए टीम ने 9 घंटे में तस्करों को धर दबोचा। इस कार्रवाई में टीम ने 3 तस्करों को गिरफ्तार किया है। साथ ही अन्य 13 आरोपी तस्कर मौके से फरार होने में कामयाब हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
तस्करों के कब्जे से मिले जीवित पैंगोलिन जिसका वजन 17 किलोग्राम है उसकी अनुमानित कीमत 10 लाख 54 हजार रुपये बताई जा रही है। जिसका तस्करों ने सौदा किया था। संकटग्रस्त प्रजाति के इंडियन पैंगोलिन की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में काफी मांग है। यही वजह है कि लगातार ओडिशा छत्तीसगढ़ बॉर्डर में पैंगोलिन की तस्करी की घटना सामने आते रहती है। इन क्षेत्रों में लगातार वन विभाग तस्करों से पैंगोलिन को जब्त करने में सफलता हासिल की है, जिसे सुरक्षित स्थानों पर छोड़ा गया है।