मुख्यमंत्री की घोषणाओं पर त्वरित अमल करें : कलेक्टर

Posted On:- 2022-04-26



बालोद (वीएनएस)। कलेक्टर महोबे ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की ओर से जिले के समय-समय पर प्रवास के दौरान किए गए घोषणाओं पर त्वरित अमल करें। कलेक्टर महोबे आज संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित कर रहे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा जिले मे अब तक किए गए घोषणा तथा उस पर हुए अमल की जानकारी ली। कलेक्टर ने जिले में कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव व रोकथाम केलिए जनजागरूकता अभियान नियमित संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की ओर से कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव व रोकथाम के लिए समय-समय पर जारी गाईडलाईन का पालन कराएॅ। उन्होंने जिले में कोविड-19 वैक्सीनेशन कार्य में तेजी लाने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने बिना किसी पूर्व सूचना के बैठक में अनुपस्थित गुण्डरदेही नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि जिले में कहीं भी पेयजल की शिकायत मिलने पर संबंधित एस.डी.एम., जनपद पंचायत के मुख्य कायर्पालन अधिकारी, नगरीय निकाय के मुख्य नगर पालिका अधिकारी और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी संवेदनशीलता के साथ निराकरण करें। उन्होंने जिले में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम के तहत संचालित कार्यों और संलग्न मजदूरों की जानकारी ली। कलेक्टर ने खरीफ सीजन में धान के बदले अन्य फसल लगाने केलिए किसानों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भूमि के अनुरूप कोदो, कुटकी, रागी, दलहन, तिलहन आदि फसल लेने प्रोत्साहित किया जाएं। कलेक्टर ने सक्रिय गौठानों में नियमित रूप से गोधन न्याय योजना के अंतर्गत गोबर खरीदी तथा विभिन्न आयमूलक गतिविधियॉ संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गौठानों में निर्मित वर्मी कम्पोस्ट का उठाव तथा विक्रय के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरम्मत योग्य स्कूल भवन तथा आंगनबाड़ी केन्द्र भवन का प्रस्ताव प्रस्तुत करें।

कलेक्टर ने भू-अर्जन के प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री निवास, राज्य सचिवालय, पीजीएन, कमिश्नर कार्यलय, कलेक्टर जनचैपाल आदि से प्राप्त प्रकरणों के निराकरण की विभागवार समीक्षा की ओर शेष प्रकरणों का निराकरण समयसीमा में करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत की मुख्य कायर्पालन अधिकारी डॉ.रेणुका श्रीवास्तव, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी भूपेन्द्र अग्रवाल, एस.डी.एम. बालोद जी.डी. वाहिले, एस.डी.एम. गुण्डरदेही प्रेमलता चंदेल, एस.डी.एम. गुरूर रश्मि वर्मा, संयुक्त कलेक्टर सिल्ली थॉमस, अभिषेक दीवान, डिप्टी कलेक्टर आर.एस. ठाकुर, अमित श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, जनपद पंचायतों के मुख्य कायर्पालन अधिकारी और नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी आदि उपस्थित थे।