जशपुरनगर (वीएनएस)। कलेक्टर अग्रवाल ने मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर टीएल के लंबित प्रकरण, मनरेगा, सी-मार्ट, मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना, पात्र हितग्राहियों का पेंशन और गौठानों में मल्टीएक्टीविटी के संबंध में समीक्षा की। उन्होंने सभी जनपद सीईओ को ग्राम पंचायतों में मनरेगा के तहत अधिक से अधिक कार्य स्वीकृत करके लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अधिकारियों को अपने कार्यालय के फाइलों को संधारित करते हुए परिसर को नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने सभी विकासखंड के स्वास्थ्य अधिकारियों को गर्मी के मौसम को देखते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में ओआरएस घोल और मरीजों के लिए पर्याप्त दवाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि गर्मी से लोगों को बचाने के लिए जिला स्तर व विकासखंड स्तर पर कंट्रोल रूम बनाने के लिए कहा है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर आम नागरिक दिए गए नम्बर पर संपर्क कर सकें। उन्होंने आम नागरिकों को भी अपील करते गर्मी के मौसम में लू से बचाने के लिए ओआरएस का घोल, नीम्बू पानी और नियमित पानी पीने के लिए कहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना के तहत किसानों को भी धान के बदले अन्य फसल लेने केलिए प्रोत्साहित करने के लिए कहा गया है। साथ ही नसर्री में पौधे तैयार करने के निर्देश दिए हैं, ताकि बरसात के मौसम में पौधा रोपण अधिक से अधिक मात्रा में किया जा सके।
कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को जिले के सभी स्कूलों को रंग-रोगन, शौचालय की नियमित साफ-सफाई और जिन स्कूलों में छोटे-मोटे जीर्णोद्धार करने की आवश्यकता है। उन कार्यो को प्राथमिकता से करवाने के निर्देश दिए हैं साथ ही स्कूलों में पेयजल, टेप नल और सोख्ता गड्ढा बनाने के निर्देश दिए हैं। कृषि अधिकारी और अपेक्स बैंक के अधिकारियों से किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद-बीज, वर्मी कम्पोस्ट खाद और रासायनिक खाद सोसायटी में भंडारित करवाने के निर्देश दिए हैं और सोसायटी के माध्यम से किसानों को खाद का उठाव करके के अपने भण्डार गृह में रखने के लिए कहा गया है। उन्होंने सभी विकासखंडों के गौठानों में मल्टीएक्टीविटी के साथ गोबर खरीदी, वर्मी कम्पोस्ट खाद बनाने, बकरी पालन, मुर्गी पालन सहित अन्य गतिविधियां करने महिलाओं के शेड निर्माण, बिजली की व्यवस्था सहित अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि निरीक्षण के दौरान गौठानों में गतिविधियां देखी जा सके।
जिला कौशल विकास अधिकारी को महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए विभिन्न ट्रेर्डों में प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को गर्मी के मौसम को देखते हुए बिगड़े हैण्ड पंपों को भी ठीक करने के लिए कहा गया है और समाज कल्याण विभाग के अधिकारी को पात्र हितग्राहियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन, वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन देने के निर्देश दिए हैं।