जल जनित, मौसमी संक्रामक बीमारियों से बचाव रोकथाम नियंत्रण व उपचार के लिए स्वास्थ्य विभाग की तैयारी पूर्ण

Posted On:- 2022-04-27



जशपुरनगर (वीएनएस)। कलेक्टर के दिशा निर्देश में स्वास्थ्य विभाग की ओर से जल जनित व मौसमी संक्रामक बीमारियों से बचाव रोकथाम नियंत्रण व उपचार केलिए विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम व तैयारी की गई है। मुख्य चिकित्सा व स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि जिले में महामारी कन्ट्रोल रूम की स्थापना जिले के क्षेत्रों में महामारी की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल इसकी सूचना देने केलिए जिला व खंड स्तरीय महामारी नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। जिला मुख्यालय में 01 वं प्रत्येक खंड स्तर पर 01-01 महामारी नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। कार्यालय मुख्य चिकित्सा व स्वास्थ्य अधिकारी जिला जशपुर के आई.डी.एस.पी. इकाई -कक्ष क्रमांक 02 में स्थापित महामारी नियंत्रण कक्ष के प्रभारी डॉ. आर.एस. पैकरा, मोबाईल नं. 9424184272 व जिला महामारी सलाहकार सत्येन्द्र यादव, मोबाईल नं. 9907539674 हैं।

इसी प्रकार महामारी कॉम्बेट टीम की स्थापना की गई है। जिला, सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र स्तर पर गठित आर.आर.टी. व कॉम्बेट टीम की ओर से जिले के समस्त क्षेत्रों में सतत निगरानी रखी जा रही है। जिला स्तर पर 01, खंड स्तर पर 8 व सेक्टर, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र स्तर पर 47 महामारी कॉम्बेट टीम का गठन किया गया है। इसके अलावा उप स्वास्थ्य केन्द्र स्तर पर पदस्थ स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं व ग्राम स्तर पर पदस्थ मितानिनों की ओर से अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी रखी जा रही है।

उन्होंने बताया कि संक्रामक रोगों के प्रकोप होने पर इनके पैथोलॉजी जांच केलिए आई.डी.एस. पी. के अंतर्गत जिला जशपुर केलिए रेफरल लेबोरेटरी स्व. लखीराम अग्रवाल, स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, रायगढ़ छ.ग., छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स), बिलासपुर छ.ग. है। संक्रामक रोगों के प्रयोगशाला जांच केलिए सेम्पल संबद्ध रेफरल लेबोरेटरीज में भेजा जा रहा है। मौसमी बीमारियों के प्रभावी रोकथाम व निदान केलिए जिला व खंड स्तरीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रसारित किये जा चुके हैं। सभी स्वास्थ्य संस्थानों में कुल 323 ओआरजी कार्नर की व्यवस्था, पर्याप्त मात्रा में आई.व्ही. फ्लूइड्स, ओ.आर.एस. पैकेट, बुखार की दवा और अन्य जीवन रक्षक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। गंभीर मरीजों को संदर्भित करने के लिये 108 एम्बुलेंस सेवा का उपयोग किया जा रहा है तथा बच्चों में दस्त रोग के समुचित प्रबंधन केलिए लो आॅस्मोलर ओ.आर.एस व चौदह दिनों तक जिंक डिस्पर्सिबल गोलियों का उपयोग सुनिश्चित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि जिले के शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों व स्वास्थ्य सुविधा केन्द्रों में संक्रामक रोगों के प्रकोपों की रोकथाम व नियंत्रण केलिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। शहरी क्षेत्रों में महिला आरोग्य समिति की ओर से महामारी से बचाव के उपायों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जा रहा है। मलेरिया व अन्य वेक्टर जनित रोगों का नियंत्रण-मलेरिया, डेंगू और अन्य वेक्टर जनित रोगों के रोकथाम व नियंत्रण केलिए आवश्यक उपाय जैसे नियमित सर्वेलेंस, रक्त पट्टी संग्रहण, निर्धारित क्षेत्रों में निर्धारित कीटनाषकों का छिड़काव, लार्वा भक्षी मछलियों का पालन, त्वरित निदान व शीघ्र उपचार, व्यक्तिगत सुरक्षा के उपाय तथा साफ-सफाई की व्यवस्था आदि का प्रभावशाली क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है।

महामारी की स्थिति पर प्रभावशाली नियंत्रण के लिए सूचना-संचार तंत्र को सुदृढ़ कर लिया गया है। प्रत्येक ग्राम से उपस्वास्थ्य केन्द्र, उपस्वास्थ्य केन्द्र से पी.एच.सी., पी.एच.सी. से विकासखंड व विकासखंड से जिले में महामारी की सूचना नियमित रूप से प्राप्त हो रही है। इसके अतिरिक्त प्रकोपों की सूचना केलिए दूरभाष, मोबाईल फोन के अलावा पुलिस, वन, राजस्व आदि विभागों के पास उपलब्ध वायरलेस सुविधा का उपयोग किया जा रहा है। मौसमी बीमारियों से बचाव व जनसामान्य में जागरूकता की जा रही है।

जिले के उप स्वास्थ्य केन्द्रों को बुनियादी सुविधा अनुसार हेल्थ व वेलनेस सेंटर के रूप में संचालित किया जा रहा है, जहां पर सभी प्रकार की मौसमी बीमारियों की जांच व उपचार सहित अन्य सुविधाएं दी जा रही है, साथ ही जिले के हाट-बाजारों में चलित अस्पतालों के माध्यम से शिविर लगाकर जनसमुदाय को स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराई जा रही है। खंड स्तरीय अधिकारियों/कमर्चारियों की निर्धारित मुख्यालय में उपलब्धता -जिला व विकासखंड स्तर के सर्व संबंधित अधिकारी की ओर से अपने निर्धारित मुख्यालय में निवासरत होकर क्षेत्र में सतत भ्रमण करते हुए निगरानी रखी जा रही है।